April 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

रीट परीक्षा पेपर लीक केस: अब ईडी ने भी शुरू की जांच, आरोपियों की परेशानी और बढ़ी

रीट परीक्षा पेपर लीक केस: अब ईडी ने भी शुरू की जांच, आरोपियों की परेशानी और बढ़ी

एनसीआई@जयपुर

रीट परीक्षा पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय की जांच का दायरा बढ़ने से कई बड़ी मछलियां भी इसके शिकंजे में फंस सकती हैं। इससे इस केस से जुड़े आरोपियों की धड़कनें और तेज हो गई हैं। इस मामले की जांच कर रही एसओजी अभी तक 43 आरोपियों को दबोच चुकी है। इस परीक्षा में पैसे को बड़े स्तर पर लेनदेन हुआ था। लिहाजा अब ईडी इसमें मनी लॉन्ड्रिंग करने वालों पर शिकंजा कस सकती है।

इस मामले की पूर्व में जांच कर रही एसओजी करीब एक करोड़ 20 लाख रुपए से ज्यादा जब्त कर चुकी है। ईडी की जांच शुरू होने के बाद इस मामले में लिप्त रहे आरोपियों की धड़कनें और बढ़ गई हैं। इस केस में रामकृपाल मीणा, भजनलाल विश्नोई, रवि बागड़ी और पृथ्वीराज मीणा सहित कई अन्य मुख्य आरोपी हैं।

ईडी के सूत्रों के मुताबिक जांच में रीट परीक्षा के आयोजक पर भी गाज गिर सकती है। एसओजी ने इस मामले में अब तक 43 लोगों को गिरफ्तार किया है।‌‌ इस परीक्षा के नाम पर अभ्यर्थियों से बड़े पैमाने पर वसूली की बात सामने आई है। एसओजी की ओर से बरामद की गई एक करोड़ 20 लाख रुपए की रकम से साफ जाहिर है कि इसमें व्यापक स्तर पर लेन देन हुआ है। जांच का दायरा बढ़ने से कई बड़ी मछलियां भी इसमें शिकंजे में फंस सकती है।

बड़े पैमाने पर लेन-देन के दस्तावेज बरामद

अब तक की जांच के दौरान रामकृपाल मीणा के पास से बड़े पैमाने पर लेन-देन के दस्तावेज बरामद हुए हैं। लिहाजा परीक्षा में रुपयों की वसूली करने वालों पर ईडी अपना शिंकजा कस सकती है। ईडी अब लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों को बारीकी से खंगालेगी। इसके बाद कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि ईडी की जांच के बाद इसमें बड़े स्तर पर लेनदेन का खुलासा हो सकता है।

सड़क से लेकर विधानसभा तक मच चुका है हंगामा

उल्लेखनीय है कि रीट भर्ती परीक्षा में पेपर लीक सहित अन्य धांधलियों के चलते यह मामला पूरे राजस्थान में छाया रहा है। रीट पेपर लीक केस पर राजस्थान में जमकर राजनीति भी हुई थी। सड़क से लेकर विधानसभा के सदन तक हंगामा मचा था। विपक्षी पार्टी बीजेपी इस केस को लेकर अशोक गहलोत सरकार पर जोरदार हमलावर रही थी।‌‌ इस परीक्षा से प्रदेश के लाखों अभ्यर्थी जुड़े हुए हैं। इस मामले प्रारम्भिक स्तर से लेकर अब कई अधिकारी और कर्मचारी निलम्बित हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.