राजस्थान: ऑनलाइन ठगी पर बड़ी कार्रवाई, ज्योतिषी बन पूजा-पाठ के नाम पर पैसे लेने वाले, क्रिकेट पर सट्टा लगवाने वाले, एप पर गैम खिलाने वाले 30 आरोपी गिरफ्तार, 30 करोड़ रुपए के लेनदेन का हिसाब मिला
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ पूरे प्रदेश में अभियान चलाया है। इसके तहत जयपुर वेस्ट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 से ज्यादा बदमाशों को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ अलग-अलग जगह से गिरफ्तार किया है। इनमें तीन लोग ऐसे भी गिरफ्तार किए गए जो ज्योतिष बनकर लोगों को ऑनलाइन ठग रहे थे। इनसे पूजा-पाठ करने के नाम पर रुपए ले रहे थे। एक जगह पुलिस ने ठगों को हाथ ऊपर कर बैठाया। शुक्रवार देर रात जयपुर कमिश्नरेट की सीएसटी व डीएसटी वेस्ट पुलिस ने यह ऑपरेशन किया।

जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने इस बारे में बताया- साइबर अपराध की चुनौती को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने ऑपरेशन साइबर शील्ड चला रखा है। इसके तहत जयपुर वेस्ट जिला पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है। इन आरोपियों के पास से मोबाइल, लेपटॉप, इंटरनेट डोंगल सहित कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए हैं। जांच में मिले कागजों से करीब 30 करोड़ रुपए के लेनदेन का हिसाब मिला है। इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
ये लोग ऑनलाइन क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाने के साथ-साथ एप के माध्यम से लोगों को गैम खिलाते और लाखों रुपए लूटा करते थे। सूचना मिलने पर पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गईं। फिर एक्शन शुरू किया गया।

साइबर शील्ड अभियान में हुई कार्रवाई
डीसीपी वेस्ट अमित कुमार ने बताया- साइबर शील्ड अभियान के तहत एनसीआरबी व डिजिटल सूत्रों से मिली जानकारी के बाद करधनी, हरमाड़ा, बिंदायका, करणी विहार, भांकरोटा, बगरू थाना पुलिस की विशेष टीमें बनाई गईं। इसके बाद बिंदायका, करधनी, कालवाड़ व हरमाड़ा में कुछ जगहों पर पुलिस ने छापे मारे। इसमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए।
ये उपकरण व सामान बरामद किया
इस कार्रवाई में मोनिटर, सीपीयू, की बोर्ड, माउस, लेपटॉप, मोबाइल, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, एलईडी, राउटर, स्वीच, नोटबुक, नकद, सिम कार्ड, चार्जर, एचडीएमआई केबल, एचडीएमआई कनेक्टर, पावर केबल जब्त की गई। इस जांच में अभी तक लगभग 30 करोड़ के फ्रॉड के सबूत मिल चुके हैं। कार्रवाई के दौरान कुल 135 बैंक अकाउंट, 64 यूपीआई आईडी व 20 एटीएम कार्ड सीज करवा दिए गए हैं।


पुलिस थाना करधनी टीम की कार्रवाई
पुलिस थाना करधनी विहार क्षेत्र में बैंक अकाउंट की खरीद-फरोख्त व साइबर फ्रॉड करने वालों को बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने के सम्बन्ध में कार्रवाई की गई। पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में फर्जी अकाउंट मिले हैं। इनका उपयोग साइबर फ्रॉड करने वाले कर रहे थे। पुलिस ने यहां मौके से पूछताछ के बाद 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।
करणी विहार क्षेत्र में ऐसी रही कार्रवाई
पुलिस थाना कालवाड़ ने करणी विहार क्षेत्र में ऑनलाइन फ्रॉड पर कार्रवाई की। यहां लोग ने इंस्टाग्राम पर अलग-अलग नामों से खुद के और अन्य लोगों के फर्जी आईडी बना रखे थे। जो एस्ट्रोलॉजिस्ट (ज्योतिष) बनकर लोगों की समस्याओं को हल करने का झांसा दे रहे थे। पुरुषों व महिलाओं से ऑन लाइन पूजा-पाठ करने के नाम से पैसे लिए जा रहे थे। यहां पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस थाना हरमाड़ा की कार्रवाई
पुलिस थाना हरमाड़ा ने क्षेत्र में चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट व अन्य गेमों पर चल रहे सट्टे पर कार्रवाई की। यहां आरोपी विभिन्न आईडी की मदद से ऑनलाइन गेमिंग साइट पर सट्टा लगवा रहे थे। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
पुलिस थाना बिंदायका की कार्रवाई
बिंदायका थाना पुलिस ने क्षेत्र में चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ कार्रवाई की। रेड के दौरान सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग साइट पर सट्टा खिलवा रहे थे। इस पर टीम ने मौके से 8 लोगों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।
पुलिस थाना भांकरोटा की कार्रवाई
भांकरोटा थाना पुलिस ने क्षेत्र में चल रहे आनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस टीम ने इलाके में एक फ्लेट में दबिश दी। यहां पर बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों के युवक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य दस्तावेज के साथ मिले। यहां से सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।
