April 27, 2026

News Chakra India

Never Compromise

माता-पिता गए थे रिश्तेदारी में, पीछे से 15 वर्षीय बेटी ने फंदा लगाकर कर ली आत्महत्या, पड़ोसी पर घर में घुस दुष्कर्म व मारपीट का आरोप

माता-पिता गए थे रिश्तेदारी में, पीछे से 15 वर्षीय बेटी ने फंदा लगाकर कर ली आत्महत्या, पड़ोसी पर घर में घुस दुष्कर्म व मारपीट का आरोप

एनसीआई@धौलपुर

जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र निवासी एक नाबालिग लड़की ने शुक्रवार शाम घर पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके पिता ने पड़ोसी युवक पर दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।

थानाधिकारी शैतान सिंह ने बताया- मृतक नाबालिग के पिता ने रिपोर्ट में बताया है- गुरुवार को वह पत्नी के साथ एक रिश्तेदारी में गए थे। पीछे से घर पर 15 साल की बेटी और दो छोटे बेटे थे। रात 2 बजे पड़ोसी युवक घर में घुसा और बेटी से दुष्कर्म किया। बहन की चीख-पुकार सुनकर उसका भाई उसे बचाने आया, लेकिन आरोपी ने अपने दो भाइयों को बुला लिया और तीनों ने मिलकर भाई-बहन से मारपीट भी की। इसके बाद आरोपी ने इस बारे में किसी को बताने पर उन्हें जान से मार देने की धमकी दी। इससे आहत होकर बेटी ने आत्महत्या कर ली।

अगले दिन कर ली आत्महत्या

इस घटना से आहत उनकी बेटी ने अगले दिन शुक्रवार शाम करीब 6 बजे घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस बात की सूचना मिलने पर वे तुरंत घर लौट आए। रात 8 बजे घर में बेटी मृत हालत में मिली।

आरोप की जांच जारी

थानाधिकारी शैतान सिंह ने बताया- घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बाड़ी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। भरतपुर से एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया है। थानाधिकारी ने बताया- घटना व आरोप की जांच की जा रही है। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.