बीएपी नेता के भाई की हत्या का मामला, प्रेमिका और उसके पति ने बुलाया, पहले कैंची से काटे सिर के बाल, फिर की जमकर मारपीट, 4 आरोपी गिरफ्तार
एनसीआई@बांसवाड़ा
बांसवाड़ा में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के नेता के भाई की 13 अप्रेल को हुई हत्या के मामले में रविवार को पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके पति सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह एक खौफनाक साजिश थी। इसमें पति ने अपनी पत्नी का इस्तेमाल कर उसके प्रेमी अनिल को सुनसान जगह मिलने बुलाया। वहां अनिल के पहुंचते ही बीयर के केन से उसके सिर पर कई वार किए। आरोपियों की योजना अनिल को जान से मारने की नहीं थी, बस उसे अधमरा कर छोड़ना था। इससे पहले अनिल के बाल भी काट दिए थे, ताकि गांव में उसकी बदनामी हो जाए।
हालांकि गम्भीर हालत में बांसवाड़ा के जिला अस्पताल में 14 अप्रेल को इलाज के दौरान अनिल की मौत हो गई। मरने से पहले दिए बयान और वीडियो रिकॉर्डिंग में उसने सभी आरोपियों का नाम बता दिया।
इसके बाद थानाधिकारी बुद्धाराम विश्नोई के नेतृत्व में टीम ने टोड़ी सिमरोल निवासी मुख्य आरोपी सिद्धार्थ राणा उसकी पत्नी लक्ष्मी, गणेश पुत्र जालमपुरी राणा व पवन पुत्र कालिया राणा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पवन को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
लहूलुहान हालत में मिला था बीएपी नेता का भाई
बांसवाड़ा में बीएपी नेता अशोक निनामा का भाई अनिल (28) खमेरा थाना क्षेत्र के कलिमगरा में सोमवार, 13 अप्रेल को देर रात 2 बजे घायल हालत में मिला था। अशोक ने पुलिस को बताया कि सागबरी सरपंच प्रकाश ने उसे कॉल कर एक जगह बुलाया। वहां पहुंचा तो भाई अनिल बचाओ- बचाओ चिल्ला रहा था। ऐसा लग रहा था कि उसे घसीट घसीट कर मारा गया है। अस्पताल में इलाज के दौरान अनिल की मौत हो गई।
घायल अनिल ने पूछताछ में तीन लोगों पर हमले का आरोप लगाया था। इनमें एक गणेश नामक व्यक्ति व एक दम्पती शामिल थे। पुलिस ने शुरुआती जांच में 5 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पत्नी से सम्बंध था, इसलिए पति ने हत्या करवाई
मुख्य आरोपी सिद्धार्थ राणा को अपनी पत्नी लक्ष्मी और अनिल के बीच प्रेम प्रसंग का शक था। अनिल को सबक सिखाने के लिए सिद्धार्थ ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर ही साजिश रची थी।
आरोपियों ने तीन दिन तक कालीमंगरी नाले के पास छिपकर अनिल का इंतजार किया। आरोपी की पत्नी ने फोन और मैसेज कर अनिल को मिलने के लिए बुलाया। पहले दो दिन तो अनिल नहीं आया, लेकिन 13 अप्रेल की रात जैसे ही वह लक्ष्मी से मिलने पहुंचा, वहां पहले से छिपे आरोपियों ने उसे पकड़ लिया।
अनिल से जमकर मारपीट की
अनिल को पकड़ने के बाद आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। सिद्धार्थ राणा ने अनिल के पास मौजूद बीयर के केन से ही उसके सिर पर वार किए। अपमानित करने के लिए कैंची से अनिल के बाल भी काट दिए, ताकि वो गांव में अपमानित महसूस कर सके। दूसरी ओर गम्भीर हालत में अनिल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, लेकिन मरने से पहले दिए बयान और वीडियो रिकॉर्डिंग में आरोपियों के लिए गए नाम के आधार पर पुलिस ने जांच की। एसपी सुधीर जोशी और एएसपी नरपत सिंह के निर्देशन में टीम ने कार्रवाई शुरू की।
