April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

जयपुर: पुजारी ने लगाई खुद को आग, करीब 90 प्रतिशत झुलसे, बेटी ने दी सामूहिक आत्महत्या की चेतावनी

जयपुर: पुजारी ने लगाई खुद को आग, करीब 90 प्रतिशत झुलसे, बेटी ने दी सामूहिक आत्महत्या की चेतावनी

पुजारी की पत्नी ने कराया 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

एनसीआई@जयपुर

शहर के मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में शंकर विहार के लक्ष्मी नारायण मंदिर के पुजारी गिर्राज शर्मा ने गुरुवार को तड़के करीब पांच बजे मंदिर में ही आत्मदाह का प्रयास करते हुए खुद को आग लगा ली। इससे पुजारी शर्मा 80 से 90 फीसदी तक झुलस गए। सवाई मानसिंह अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। यह समाचार फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मंदिर में लोगों का जमावड़ा लग गया।

पुलिस और प्रशासन में मचा हुआ है हड़कम्प

उल्लेखनीय है कि पुजारी गिर्राज शर्मा मंदिर में ही रहते थे। पुलिस की अब तक की तफ्तीश में सामने आया है कि उनका मंदिर समिति के सदस्य से विवाद चल रहा था। समिति उन्हें जबरन हटाना चाह रही थी। इसके चलते वह तनाव में थे। इसी कारण उन्होंने आत्मदाह करने जैसा घातक कदम उठा लिया। इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कम्प मचा हुआ है। कई आलाधिकारी घटनास्थल के अलावा अस्पताल भी पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

पिता को कुछ हो गया तो…..

पुजारी के आत्मदाह के प्रयास के बाद उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद पुजारी की बेटी और बहन मंदिर पहुंचीं। वहां पुजारी की बेटी ने कहा कि यदि पिता को कुछ हुआ तो पूरा परिवार सामूहिक आत्महत्या करेगा। वहीं पुजारी की पत्नी ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है।

भरतपुर में संत ने कर लिया था आत्मदाह

पुजारी द्वारा खुद को आग लगाने की घटना के बाद राजस्थान के संत समाज में भी आक्रोश व्याप्त हो गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से तीन दिन में उचित कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने चेताया है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। गौरतलब है कि बीते दिनों भरतपुर जिले में स्थित भगवान कृष्ण की क्रीड़ा स्थली इलाके से सभी प्रकार के वैध और अवैध खनन रोकने की मांग को लेकर एक संत ने खुद को आग लगा ली थी। गम्भीर रूप से झुलसे संत का दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.