राजू श्रीवास्तव के लिए अब करिश्मे का इंतजार, ब्रेन डेड की स्थिति, डॉक्टर ने कहा: हालत गम्भीर
एनसीआई@नई दिल्ली
कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की सेहत को लेकर बड़ा अपडेट आया है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत पहले से ज्यादा खराब हो गई है। उनका ब्रेन लगभग डेड की स्थिति में पहुंच गया है। राजू के मुख्य सलाहकार अजित सक्सेना ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने कहा हम सब अब भगवान के भरोसे हैं, वहीं कोई करिश्मा करें।
अब सब भगवान भरोसे
एम्स में भर्ती राजू श्रीवास्तव के मामले में आई यह खबर सही में चिंताजनक है। उनके मुख्य सलाहकार अजित सक्सेना का कहना है कि आज सुबह डॉक्टरों ने जानकारी दी है कि राजू का ब्रेन काम नहीं कर रहा है। वह लगभग डेड की स्थिति में है। हार्ट भी प्रॉब्लम कर रहा है। हम सब लोग परेशान है। सब भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं। परिवार के लोग भी कुछ समझ नहीं पा रहे हैं।
एम्स में राजू श्रीवास्तव की अचानक बिगड़ी तबीयत को लेकर उनके समर्थकों में हड़कम्प मचा हुआ है। ऐसे में राजू श्रीवास्तव के घर कानपुर में उनके परिचित, परिजनों और दोस्तों की भीड़ लग गई है। इस अवसर पर राजू श्रीवास्तव के साथ हर समय रहने वाले उनके पीए गर्वित नारंग भी दिल्ली से अचानक कानपुर पहुंचे।
राजू के दिमाग में आई सूजन
गर्वित नारंग ने बताया कि डॉक्टरों ने यह भी कहा है कि हमने उनको इंजेक्शन दिए थे। उसके बाद से ब्रेन में सूजन आई है। यह भी हो सकता है कि सूजन कम होने के बाद राजू की हालत में सुधार हो और ब्रेन फिर से काम करने लगे। गर्वित ही यह इंजेक्शन लेकर डॉक्टरों को देकर आए थे। गर्वित अब फिर दिल्ली निकल गए हैं।
यह है मामला
10 अगस्त को राजू श्रीवास्तव को दिल्ली के एक होटल के जिम में एक्सरसाइज करते हुए कार्डियक अरेस्ट हुआ था। इसके बाद से ही वह दिल्ली के एम्स में भर्ती हैं। उन्हें इन आठ दिनों के दौरान बिलकुल भी होश नहीं आया है। डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में लगातार लगी हुई है। गुरुवार सुबह एक्टर शेखर सुमन ने राजू श्रीवास्तव की हेल्थ अपडेट दी थी। उन्होंने कहा था कि राजू की हालत स्थिर है, जबकि लेटेस्ट रिपोर्ट के अनुसार, अब ऐसा नहीं है।
शेखर ने बताया था राजू का हाल
ट्विटर पर शेखर सुमन ने बताया था कि वह कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की फेमिली से कॉन्टेक्ट बनाए हुए हैं।उन्होंने लिखा था, ‘राजू की तबीयत को लेकर आज की अपडेट यह है कि वह स्टेबल हैं। अभी भी बेहोश हैं, लेकिन स्टेबल हैं। उन्हें रिकवर करने में अभी एक हफ्ता और लगेगा। उनके जल्द ठीक होने की दुआ कीजिए। हर हर महादेव।’
इससे पहले शेखर सुमन ने बताया था कि 15 दिन पहले उन्होंने कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव से मुलाकात की थी। उन्होंने बताया था कि राजू श्रीवास्तव, कॉमेडी शो ‘इंडियाज लाफ्टर चेम्पियन’ के सेट पर पहुंचे थे। ऐसे में उन्होने शेखर संग वैनिटी वैन में लम्बी बातचीत भी की थी। साथ ही उन्होंने खुलासा किया था कि राजू श्रीवास्तव ने कुछ दिन पहले अपनी उंगली हिलाई थी। 10 अगस्त को कार्डियक अरेस्ट होने के बाद राजू श्रीवास्तव के ट्रेनर ने उन्हें एम्स में भर्ती करवाया गया था।
प्रधानमंत्री ने की थी परिवार से बात
इसके बाद यह भी खबर आई थी कि राजू का MRI किया गया है, जिसमें उनकी दिमाग की एक नस दबी हुई आई है। इसी को ठीक करने में डॉक्टर लगे हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर राजनाथ सिंह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई अन्य राजनेताओं और मंत्रियों ने भी राजू श्रीवास्तव के परिवार को कॉन्टेक्ट कर कॉमेडियन का हाल लिया है। साथ ही अच्छे से अच्छा इलाज मिलने का आश्वासन भी उन्हें दिया है। फेंस और परिवार राजू श्रीवास्तव की सेहत और उनके जल्द ठीक होने की लगातार प्रार्थना कर रहा है।
