April 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

प्रेमी और दोस्त के साथ मिलकर पति और सास की हत्या, शवों के टुकड़े किए, पॉलिथीन में पैक कर जंगल में फेंके

प्रेमी और दोस्त के साथ मिलकर पति और सास की हत्या, शवों के टुकड़े किए, पॉलिथीन में पैक कर जंगल में फेंके

एनसीआई@गुवाहाटी

दिल्ली के श्रद्धा हत्याकांड को लोग भूले भी नहीं थे कि ऐसी ही एक और वारदात असम के गुवाहाटी में सामने आई है। बस यहां अंतर यह है कि इस मामले में मुख्य आरोपी महिला है। इसने अपने प्रेमी और दोस्त के साथ मिलकर अपने पति और सास की हत्या की, फिर शवों के टुकड़े कर पॉलिथीन में भरकर मेघालय ले गई और उन्हें एक खाई में फेंक दिया।

मुम्बई के आफताब ने अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा के शव के टुकड़े टुकड़े कर फ्रिज में रखे थे। फिर कई दिन तक रोज उन टुकड़ों को ले जाकर जंगल में फेंकता रहा था। श्रद्धा भी मुम्बई की रहने वाली थी। उसके द्वारा आफताब पर शादी का दबाव डालने पर वह उसे ठिकाने लगाने की साजिश के तहत दिल्ली ले आया था। ये यहां एक किराए के मकान में रहने लगे थे। ‌इस दौरान ही उसने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था।

यह है पूरा मामला

पुलिस ने बताया कि गुवाहाटी के इस हत्याकांड को दरअसल गत वर्ष अगस्त-सितम्बर माह में अंजाम दिया गया था। महिला की सास के शव के कुछ ही हिस्से रविवार को मेघालय से बरामद किए जा सके हैं। गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दिगंत बाराह ने कहा, “हत्याएं करीब सात महीने पहले की गईं थीं। हमने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।” उन्होंने इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। वहीं, पुलिस उपायुक्त (मध्य) दिगंत कुमार चौधरी ने कहा कि पत्नी ने सितम्बर में अपने पति और सास के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद जांच शुरू की गई थी।

चौधरी ने बताया कि पति और सास की पहचान अमरेंद्र डे और शंकरी डे के रूप में हुई है। उन्होंने ने कहा, ”कुछ समय बाद अमरेंद्र के चचेरे भाई ने गुमशुदगी की एक और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद अमरेंद्र की पत्नी पर ही संदेह पैदा हुआ।” उन्होंने कहा कि दोनों मामले नूनमती थाने में दर्ज किए गए थे।

छोटे-छोटे टुकड़े कर थैलियों में पैक किए

गुवाहाटी के चांदमारी और नरेंगी इलाकों में दो अलग-अलग घरों में दोनों हत्याएं की गईं। चौधरी ने दावा किया कि हत्याएं अमरेंद्र की पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति द्वारा की गईं। संदेह है कि वह उसका बचपन का दोस्त है। चौधरी ने कहा, “हत्याओं के बाद उन्होंने शवों के छोटे-छोटे टुकड़े कर किए। इसके बाद उन्हें थैलियों में पैक कर मेघालय ले गए। वहां उन्होंने इन टुकड़ों को पहाड़ियों से नीचे फेंक दिया।” पुलिस उपायुक्त ने कहा, “हमने शवों का पता लगाया और कल मेघालय से कुछ हिस्सों को बरामद कर लिया। दोनों मृतकों के शवों के सभी हिस्सों को खोजने के लिए हमारा अभियान जारी है।”

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.