April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

अशोक गहलोत के खिलाफ दर्ज मानहानि केस में कल 24 मार्च को आएगा फैसला

अशोक गहलोत के खिलाफ दर्ज मानहानि केस में कल 24 मार्च को आएगा फैसला

एनसीआई@जयपुर

केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत द्वारा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ दायर किए गए मानहानि के मामले में कल शुक्रवार को शाम 4 बजे राउज एवेन्यू कोर्ट फैसला सुनाएगा। राउज एवेन्यू कोर्ट तय करेगी कि मानहानि मामले में अशोक गहलोत के खिलाफ समन जारी किया जाए या नहीं। कोर्ट में गजेन्द्र सिंह शेखावत के वकीलों ने कोर्ट को बताया कि उन्होंने लिखित दलील दाखिल कर दी है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संजीवनी क्रेडिट सोसाइटी घोटाले में केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को घेरने की कोशिश की थी। इसी मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाया है। कोर्ट में इस मामले में समन जारी करने को लेकर बहस पूरी हो गई है। सुनवाई के दौरान गजेन्द्र सिंह शेखावत की तरफ से वरिष्ठ वकील विकास पावा ने कहा था संजीवनी घोटाले में उनका नाम नहीं है और इस घोटाले में उनके खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं है। शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर आरोप लगाया कि संजीवनी घोटाले में नाम जोड़कर उन्हें बदनाम किया गया। शेखावत ने कहा कि मेरा चरित्र हनन करके राजनीतिक रूप से मुझे कमजोर करने का षड्यंत्र है और जांच एजेंसी को टूल के रूप में इस्तेमाल करने का काम राजस्थान के मुख्यमंत्री कर रहे हैं।

मल्टी स्टेट सोसाइटी संजीवनी पर राजस्थान में करीब एक लाख निवेशकों के 900 करोड़ रुपए हड़पने का आरोप है। इस सोसाइटी का मालिक विक्रम सिंह जेल में है। गहलोत ने आरोप लगाया कि गजेन्द्र सिंह शेखावत के खिलाफ संजीवनी सोसाइटी घोटाले में आरोप जांच में प्रमाणित पाए गए हैं। शेखावत को एसओजी के सामने पेश होना चाहिए। दूसरी तरफ शेखावत ने पलटवार किया और कहा कि गहलोत बेटे की हार को अब तक पचा नहीं पाए हैं। वे झूठे आरोप लगा रहे हैं।

राजस्थान में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। शेखावत राजस्थान में सीएम फेस के प्रमुख चेहरों में से एक माने जाते हैं। गहलोत और शेखावत के बीच ये तकरार तब से चल रही है, जबसे 2019 में गहलोत के बेटे वैभव गहलोत शेखावत के सामने चुनाव लड़े और हार गए। उसके बाद जब पायलट ने बगावत की और गहलोत की सरकार गिरने का खतरा मंडराया, तब भी गहलोत ने अपनी सरकार गिराने की साजिश का आरोप शेखावत पर मढ़ा। तब से शेखावत और गहलोत आमने-सामने हैं। गहलोत और शेखावत दोनों ही जोधपुर से हैं। इस बीच राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष (अब निवर्तमान) सतीश पूनिया ने भी ट्वीट कर गहलोत पर शेखावत की छवि बिगाड़ने और मानहानि करने का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.