राजस्थान में लव जिहाद: युवती से शादी के लिए धर्म बदलने को कहा, वरना टुकड़े-टुकड़े करने की दी धमकी, कोर्ट में लोगों ने की पिटाई
आसिफ ने हिन्दू युवती से कहा-‘तेरे टुकड़े-टुकड़े कर तेरी मां को सौंप दूंगा। तेरा हाल भी दिल्ली की साक्षी जैसा कर दूंगा। 31 मई को तुझे मार दूंगा।’
एनसीआई@उदयपुर
30 मई को 22 साल की युवती के मोबाइल पर आए एक कॉल ने उसे हिलाकर रख दिया। कॉल करने वाले ने बात ही ऐसी कही थी। दरअसल फोन पर सामने वाले ने उस युवती के टुकड़े-टुकड़े कर देने की धमकी दी थी। इससे वह बुरी तरह थर थर कांप रही थी। यह कॉल किसी अनजान व्यक्ति ने नहीं, अपितु इस युवती के परिचित 23 साल के मोहम्मद आसिफ ने किया था।

पिता और भाई के साथ आरोपी गिरफ्तार
धर्म परिवर्तन कराने, शादी का दबाव बनाने जैसे गम्भीर आरोपों में पुलिस ने आसिफ को कल बुधवार शाम 7 बजे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आसिफ के साथ उसके पिता अब्दुल रज्जाक और भाई खालिद की भी गिरफ्तारी हुई है। तीनों उदयपुर शहर के भाेपालपुरा थाना क्षेत्र के आयड़ के रहने वाले हैं।
कोर्ट में आरोपियों की पिटाई
आसिफ, उसके पिता और भाई को आज गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एसीजेएम कोर्ट में पेश करने के लिए पुलिस ले गई। पेशी से पहले ही भीड़ ने इन्हें घेर लिया और तीनों की पिटाई कर दी। पिटाई की सूचना मिलने पर एसपी विकास शर्मा और एएसपी मंजीत सिंह 4 से 5 थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपियों को भीड़ से निकालकर कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उन्हें 1 दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया।
शादी के लिए धर्म परिवर्तन करने का दबाव
पीड़ित युवती बुधवार दोपहर 3 बजे अम्बा माता थाने पहुंची थी। उस दौरान वह डर के मारे बुरी तरह कांप रही थी। चित्ताैड़गढ़ जिले की रहने वाली पीड़िता उदयपुर में रहकर होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही है। जिस कॉलेज में वह पढ़ती है, उसी कॉलेज की पार्किंग का ठेका आसिफ के पास है। यह युवती बार-बार पुलिस के सामने हाथ जोड़ रही थी और कह रही थी- मुझे बचा लीजिए। वह (आसिफ) मुझे मार देगा। उसने पहले भी मेरे साथ मारपीट की है।

दो साल से युवती के साथ दोस्ती
इस युवती ने पुलिस को बताया- मेरे कॉलेज पार्किंग में आसिफ से मुलाकात हुई थी। पार्किंग का ठेका उसी के पास है। मैं और आसिफ दो साल से दोस्त हैं। दोस्ती के बाद आसिफ मुझसे शादी करने की जिद कर रहा था। वह बार-बार मुझ पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था। मैंने धर्म परिवर्तन से इनकार कर दिया और दोस्ती तोड़ दी। इसके बाद से आसिफ मुझे परेशान करने लगा।
कॉल करके धमकाया
बुधवार को आसिफ ने कॉल कर निधि को धमकाया। आरोप है कि उसने युवती पर धर्म परिवर्तन कर उससे शादी नहीं करने का दबाव बनाया, वरना टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी दी। कहा कि, उसके टुकड़े कर उसकी मां को सौंप देगा। दिल्ली की साक्षी जैसा हाल करने की धमकी दी। 31 मई को उसका यह हाल कर देने की चेतावनी दी।
युवती ने आरोपी के पिता-भाई को फोन किया
इसके बाद पीड़ित युवती ने आसिफ के पिता अब्दुल रज्जाक व भाई खालिद को कॉल किया। कहा कि आसिफ को समझा दें। आरोप है कि अब्दुल और खालिद भी उलटे इस युवती को धमकाने लगे। दोनों ने कहा- जैसा आसिफ कह रहा है, वैसा ही करो। नहीं तो तुझे वो मार देगा।

कोर्ट में पीड़िता को देख कमेंट किया तो भड़क गई भीड़
आसिफ, उसके पिता और भाई की गिरफ्तारी के बाद अम्बामाता थाना पुलिस इन्हें कोर्ट लेकर पहुंची। यहां पहले से ही काफी संख्या में भीड़ मौजूद थी। पीड़िता और उसकी मां भी यहीं आ चुकी थीं। इस दौरान जैसे ही आसिफ और युवती का आमना-सामना हुआ तो आसिफ ने उस पर कमेंट किया। यह सुनते ही कोर्ट में मौजूद भीड़ भड़क गई और आसिफ की कुटाई कर डाली। बीच-बचाव करने आए उसके पिता और भाई का भी यही हाल किया।

मारपीट करने वाले वकील नहीं
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश मोगरा ने इस मामले पर कहा कि कोर्ट में पेशी के वक्त आरोपी के साथ मारपीट हुई थी। मगर वकीलों ने आरोपी से मारपीट नहीं की। मारपीट करने वाले लोग बाहर के थे।
पीड़िता बोली- अब दोस्ती नहीं करूंगी
पीड़ित युवती ने पुलिस से कहा- अब मैं आसिफ से दोस्ती नहीं करूंगी। उसने पहले भी मेरे साथ मारपीट की थी। आसिफ के खिलाफ मैंने रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। वह जमानत पर बाहर आ गया और फिर से परेशान करने लगा।
