April 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

‘अफेयर’ पर विधवा को महिलाओं ने ही चप्पलों से पीटा, बाल पकड़ कर घसीटा, मां की हालत देख 5 वर्षीय बेटा बिलखता रहा

एनसीआई@उदयपुर

बेकरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में अफेयर के शक में एक विधवा को 12 से अधिक महिलाओं ने गांव के बीच में बुरी तरह चप्पलों से पीटा। बाल पकड़ कर घसीटा। यही नहीं इस महिला के कपड़े तक फाड़ दिए। इस दौरान वहां खड़े लोग इस घटना का वीडियो बनाते रहे, किसी ने रोकने की कोशिश नहीं की।

इस घटनाक्रम में सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि मां की हालत देख 5 साल का बेटा उसके गले लग कर बिलखने लगा। इसके बावजूद वहां मौजूद किसी व्यक्ति का तो छोड़िए, किसी महिला तक का दिल नहीं पसीजा। उलटे आरोपी महिलाओं ने इस बालक को खींच कर अलग किया, फिर उस विधवा की पिटाई करनी शुरू कर दी।

यह घटना गुरुवार, 29 जून की शाम करीब 4 बजे की है। लेकिन, इसका वीडियो शनिवार को एसपी भुवन भूषण के पास पहुंचा। तब उन्होंने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद दोपहर को दो महिलाओं सहित तीन को गिरफ्तार किया गया, वहीं जबकि एक अन्य को हिरासत में लिया गया है।

प्रेमी की पत्नी ने की थी अन्य महिलाओं से शिकायत

बेकरिया थाना अधिकारी मुकेश कुमार ने इस मामले में बताया कि पीड़ित महिला के पति की एक साल पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद से वह अपने पांच साल के बेटे के साथ थाना क्षेत्र के एक गांव में ही रहती है। यह कपड़ों की सिलाई कर अपना गुजर-बसर कर रही थी।

प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि इस महिला का गांव के ही एक युवक से अफेयर चल रहा था। इसकी जानकारी युवक की पत्नी को हो गई। पति के विधवा से अफेयर की बात उसने गांव की अन्य महिलाओं को बताई। इसके बाद 12 से अधिक महिलाएं विधवा के घर पहुंचीं और बाल पकड़ कर उसे घर से बाहर निकाला। फिर देखते ही देखते महिलाओं ने उसके कपड़े फाड़ दिए और चप्पलों से पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान महिला हाथ जोड़ कर बार-बार रहम की गुहार लगाती रही।

घटनाक्रम का वीडियो आया सामने

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। इसमें नजर आ रहा है कि विधवा गांव की एक महिला के पैर पकड़ कर रो रही है, वहीं मां की हालत देख बेटा उसे गले लगा कर रो रहा है। लेकिन, इसके बावजूद ये महिलाएं नहीं मानीं और विधवा को भरी भीड़ में घसीटा। इस दौरान गांव के कुछ आदमी भी खड़े थे। वे महिला को बचाने की बजाय पिटाई का वीडियो बना रहे थे।

बेकरिया थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर मामला दर्ज कर पीड़ित महिला का मेडिकल टेस्ट करवा गया है। वीडियो सामने आने के बाद पड़ताल की गई। इसके बाद शनिवार दोपहर दो बजे मुख्य आरोपी महिला रमीबाई (24) पत्नी मुकेश गरासिया, इसकी भाभी रेशमी (24) और उसके पति विनोद कुमार गरासिया (25) को गिरफ्तार कर लिया है। ये सभी पाली के रहने वाले हैं। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। इस घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी गांव के जंगलों में छुप गए थे। अन्य आरोपी महिलाओं की भी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.