एशिया कपः कुलदीप यादव के पांच विकेट के साथ भारत की पाकिस्तान पर 228 रनों से ऐतिहासिक जीत
एनसीआई@स्पोर्ट डेस्क
बारिश के कारण दो दिन तक चले एशिया कप के वनडे मुक़ाबले में भारत ने पाकिस्तान को 228 रनों के रिकॉर्ड अंतर से हरा दिया। यह पाकिस्तान पर भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। भारत के 356 रनों के सामने पाकिस्तान की टीम 128 रन ही बना सकी।

इस मुक़ाबले में भारतीय स्पिन गेंदबाज़ कुलदीप यादव ने पांच विकेट झटके। उन्होंने मैच के 20वें ओवर में फ़ख़र जमां (27 रन) को बोल्ड कर दिया। इसके बाद कुलदीप ने आग़ा सलमान (23 रन) को एलबीडब्ल्यू और शादाब ख़ान (06 रन) को भी आउट किया।

मैच के 30 वें ओवर में कुलदीप यादव ने इफ़्तिख़ार अहमद (23 रन) को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन लौटाया। इसके बाद उन्होंने फहीम अशरफ को बोल्ड कर विकेट का पंजा पूरा किया। इसके साथ ही पाकिस्तान की टीम हार गई। पाकिस्तान की ओर से नसीम शाह और हारिस रऊफ बल्लेबाज़ी करने नहीं उतरे।
झलकियां
•यह पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत के सबसे बड़े वनडे स्कोर के रिकॉर्ड की बराबरी है। भारत ने 2005 में भी पाकिस्तान के ख़िलाफ़ 356 रन बनाए थे।
•विराट कोहली और केएल राहुल की तूफ़ानी पारियों के बाद सोशल मीडिया पर फेन्स के बीच एक बहस शुरू हो गई, वो भारतीय बल्लेबाज़ों की पारियों की तुलना बारिश से कर रहे थे। सवाल पूछा जा रहा था कि कोलम्बो में बारिश तेज़ बरसी या फिर विराट कोहली और केएल राहुल के बल्ले से रन।
•विराट कोहली और केएल राहुल ने तीसरे विकेट के लिए 233 रनों की नाबाद साझेदारी निभाई।
इस पारी में विराट कोहली ने 94 गेंदों पर 122 रन तो केएल राहुल ने 106 गेंदों पर 111 रन बनाए। दोनों बल्लेबाज़ अंत तक आउट नहीं हुए।
