एनसीआई@कोटा
‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत आज मंगलवार, 3 अक्टूबर को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा दल ने अम्बेडकर कॉलोनी कच्ची बस्ती स्थित मातेश्वरी मिल्क प्रोडक्ट्स का निरीक्षण किया। यहां संदिग्ध लगने पर कुल 1 हजार 590 किलो खाद्य पदार्थ सीज किया गया। इसमें नंदी ब्रांड स्वीट हलवा 540 किलो, नंदी ब्रांड इंडियन डेजर्ट 450 किलो, सोहन मावा 240 किलो व फीका मीठा मावा 360 किलो शामिल है। इस माल के मालिक के अनुसार यह सोहन रिफाइंड तेल, लिक्विड ग्लूकोस, इलायची, मिल्क पावडर, मिल्क एवं शुगर से निर्मित है।
खाद्य सुरक्षा दल को प्रथमदृष्टया सभी खाद्य पदार्थ संदिग्ध प्रतीत हुए। इनके अलग-अलग लोट में से 5 नमूने लेकर शेष बचे 1 हजार 590 किलो माल को सीज कर इसके स्वामी की अभिरक्षा में सुरक्षित रखवाया गया। इसके साथ ही शहर के ही बोरखेड़ा, गुमानपुरा मावा मंडी, केशुपुरा, बजरंग नगर, सिंधी कालोनी व रावतभाटा रोड के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए इनसे 21 नमूने लिए।
रसगुल्ला निर्माता फर्म में मिली भारी अनियमितताएं
रावतभाटा रोड पर नयागांव की एक रसगुल्ला निर्माता फर्म बीकानेरी रसगुल्ला का निरीक्षण के दौरान हाइजीन एवं सेनिटेशन की कंडिशन बहुत खराब पाई गई। दीवारों पर प्लास्टर नहीं था। इनसे रेत और मिट्टी फर्श पर गिर रही थी। फर्श बहुत स्लिपरी था। इस पर फिसलने से दुर्घटना की आशंका है। यहां फूड लाइसेंस भी प्रमुख प्रदर्शित भाग पर नहीं लगा हुआ था। फूड हेंडलर्स हेयर केप पहने हुए नहीं थे। मौके पर मेडिकल सर्टिफिकेट पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं कराया गया।
यहां निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत यहां से रसगुल्ला एवं दूध के 2
नमूने लिए। इन सभी खराब कंडिशन के मद्देनजर इस फर्म को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस इशू किया जा रहा है। इसका जवाब संतोष प्रद प्राप्त नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला कोटा भिजवाया जा रहा है। इनकी प्राप्त होने वाली रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

साफ-सफाई एवं गुणवत्ता सुधारने के लिए किया पाबंद
इसके अलावा सभी प्रतिष्ठानों को दीपावली पर्व को देखते हुए साफ-सफाई एवं गुणवत्ता सुधारने के लिए भी पाबंद किया। ऐसा नहीं करने पर fssai एक्ट के तहत कार्यवाही की जाएगी। साथ ही त्योहारी सीजन पर खपत बढ़ने के कारण बाहर से आने वाले मावा और पनीर पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
दल में ये रहे शामिल
खाद सुरक्षा दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप अग्रवाल, अरुण सक्सेना, चंद्रवीर सिंह जादौन, मोजीलाल कुंभकार, दीपक यादव, मनीषा रावत, खुशी सिंह, दिव्या संत, भूपेन्द्र नागर, विनोद कुमार चोपड़ा, मनीष कुमार पाटीदार व श्योपाल जीतरवाल शामिल रहे।
