एनसीआई@कोटा
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा- उदयपुर के कन्हैयालाल जैसी घटना असम में होती तो मैं 10 मिनट में हिसाब बराबर कर देता। कुछ ही मिनट में दूसरे कांड की न्यूज भी टीवी पर चलने लग जाती। हिसाब में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। अशोक गहलोत जैसे लोग सीट पर बैठे हुए हैं। राहुल गांधी जैसा नेता हैं। इस कारण आज हिन्दुओं की ये दुर्दशा हुई है।

हिमंता बिस्वा सरमा गुरुवार को कोटा के नयापुरा स्टेडियम में आयोजित भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा के समापन को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने मोदी का मुखौटा लगाया हुआ था।
कांग्रेस को हिन्दुओं पर विश्वास नहीं

नयापुरा स्टेडियम में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान सभा को सम्बोधित करते हुए असम के सीएम ने कहा- कांग्रेस कहती थी आर्टिकल 370 मत हटाओ। हल्ला हो जाएगा। जब हिन्दू 80 प्रतिशत है तो आपका कौन क्या कर सकता है ? लेकिन उनको हिन्दुओं पर विश्वास नहीं है। बाबर उनका दोस्त है और उनका काम बाबर जैसा है।
22 साल कांग्रेस में रहा, बांटने की स्कीम निकालती है
असम के सीएम बोले- मैं 22 साल कांग्रेस में रहा हूं। कांग्रेस चुनाव से पहले कोई न कोई बांटने की स्कीम निकालती है, फिर उससे ही चुनाव का खर्चा निकाल लेती हैं। अन्नपूर्णा पैकेट गरीबों के लिए नहीं है, ये किसी की जेब गरम करने के लिए है। अगर गरीबों के लिए अन्नपूर्णा पैकेट निकलना था तो 5 साल पहले क्यों नहीं निकाला? कोरोना में लोगों के सामने खाने की दिक्कत थी। कोरोना काल में क्यों नहीं निकाला ? चुनाव के दो दिन बाद ये सब स्कीम बंद हो जाएंगी। ऐसे में लोगों को क्या फायदा? इसलिए सरकार से पूछना चाहिए राहुल गांधी कौन सा मुंह लेकर वीरों की भूमि राजस्थान में आएंगे? क्यों झूठ बोला था। पहले गंगा में डुबकी लगाओ, माफी मांगो फिर राजस्थान की धरती पर आओ।

विधायकों को खाने की आदत है
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा-असम में 2027 में चुनाव होने हैं। हमें चुनाव की टेंशन नहीं है। सरकार बनने के बाद से ही हमने 1, 250 रुपए महिलाओं के खाते में डालना शुरू कर दिया था। हमें चुनाव से 3 महीने पहले किसी को खुश नहीं करना। अगर 35 दिन तक एमएलए को होटल में बैठाकर खाना खिलाएंगे तो विधायकों की खाने की आदत पड़ ही जाएगी और वह बाहर आकर खाते ही तो रहेंगे।
सभा के दौरान स्थानीय पदाधिकारियों की ओर से असम के सीएम को तलवार भेंट कर स्वागत किया गया।
सभा के दौरान स्थानीय पदाधिकारियों की ओर से असम के सीएम को तलवार भेंट कर स्वागत किया गया।

गहलोत ने जिंदगी में बहुत बड़ी भूल की
सीएम हिमंता ने कहा- गहलोत ने जिंदगी में बहुत बड़ी भूल की। सचिन पायलट को राहुल गांधी के घर ले जाते। दोनों वहां चाय-पानी पीते और समझौता करते कौन सीएम होगा। सीएम बनने के लिए विधायकों को 35 दिन होटल में ठहराया और विधायकों को पता लग गया कि सीएम को ब्लैकमेल किया जा सकता है। उन्होंने बाहर आने के बाद 3 साल लोगों को खूब लूटा। लूटने के कारण आज राजस्थान का यह हाल हो गया। एक बार अशोक गहलोत विधायकों को असम लेकर आए थे। तब भी मैंने उनसे कहा था, यहां लाने की क्या जरूरत थी ? सालासर बालाजी ले जाते या खाटूश्याम जी ले जाते।
राजस्थान हिन्दुओं की जन्मभूमि है
हिमंता ने सीएम गहलोत पर आरोप लगाते हुए कहा- गहलोत कहते हैं कि मैं राजस्थान को हिन्दूवादी राज्य नहीं बनने दूंगा। अरे भाई, राजस्थान में हजारों सालों से हिन्दू हैं। आज भी हिन्दू हैं। जब तक चांद-सूरज रहेगा तब तक राजस्थान हिन्दूवादी राज्य ही रहेगा। कांग्रेस की इजाजत से राजस्थान के लोग हिन्दू नहीं बने थे। राजस्थान हिन्दुओं की जन्मभूमि है।

गहलोत और राहुल गांधी पर साधा जोरदार निशाना
असम के मुख्यमंत्री ने कहा- आपने कभी देखा है राहुल गांधी को रामलला के मंदिर पर जाते हुए। गहलोत सारे मंदिर में जाते हैं, कभी रामलला के मंदिर गए। कोई भी कांग्रेस का नेता रामलला का मंदिर जाता है क्या? यह सभी सारे मंदिरों में जाएंगे, लेकिन रामलला के मंदिर में नहीं जाएंगे। क्योंकि बाबर का खून गरम हो जाएगा। कांग्रेसी तो मंदिर में भी हिसाब करके जाते हैं।
गहलोत अगर हिन्दू हैं तो एक बार राहुल गांधी को रामलला के पास ले जाएं। राजस्थान के लोगों ने औरंगजेब को नहीं छोड़ा तो बाबर को कहां छोड़ने वाले हैं। बीजेपी के कार्यकर्ता से पूछेंगे कि भारत बड़ा है या बीजेपी पार्टी…तो वह कहेगा भारत बड़ा है। यही बात अगर कांग्रेस से पूछेंगे तो वो जल्द ही रिप्लाई नहीं देगा। कांग्रेस में सिखाया जाता है भगवान शंकर, राम, सीता का नाम नहीं बोलो पहले नेहरू, इंदिरा, राजीव गांधी फिर प्रियंका गांधी, रॉबर्ट वाड्रा, राहुल गांधी का नाम बोलो वही उनके भगवान हैं।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस को गद्दार बताया। तेलंगाना में महिलाओं के खाते में पैसा भेजने के राहुल गांधी के वादे पर कटाक्ष करते हुए कहा- राजस्थान में कांग्रेस सरकार यह स्कीम क्यों लागू नहीं कर रही है?
