April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

शुभ नवरात्रि… टीम इंडिया का देश को बड़ा तोहफा, रोहित के दम पर पाकिस्तान को रगड़ा, वर्ल्ड कप में 8 वीं जीत

शुभ नवरात्रि… टीम इंडिया का देश को बड़ा तोहफा, रोहित के दम पर पाकिस्तान को रगड़ा, वर्ल्ड कप में 8 वीं जीत

भारत के खिलाफ एक अदद जीत का पाकिस्तान का सपना एक बार फिर टूट गया। टीम इंडिया ने पाकिस्तान को एक तरफा हराते हुए जीत का स्कोर अब 8-0 कर दिया है, अर्थात विश्व कप में भारत की पाकिस्तान पर यह लगातार 8वीं जीत है। पाकिस्तान ने 191 रन बनाए, जवाब में भारत ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। बुमराह, कुलदीप, जडेजा, पंड्या और सिराज ने 2-2 विकेट झटके।

एनसीआई@अहमदाबाद/स्पोर्ट्स डेस्क

भारत में भारत को हराने का सपना और दावा करने वाली बाबर सेना की दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में इंटरनेशनल बेइज्जती हुई। दुनिया के नम्बर वन बल्लेबाज बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान से लेकर तूफानी गेंदबाज शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ तक की जो हालत हुई वो देखने लायक थी। भारतीय टीम ने पहले पाकिस्तान को 191 रनों पर ढेर किया और फिर उसके बाद रोहित शर्मा (86) और श्रेयस अय्यर की धांसू बेटिंग के दम पर 117 गेंद पहले 30.3 ओवरों में 3 विकेट खोकर 192 रन बनाते हुए करिश्माई जीत दर्ज की। इसके साथ ही विश्व कप में चला आ रहा जीत का सिलसिला एक बार फिर जारी रहा और अब विश्व कप में स्कोर 8-0 हो गया है।

नवरात्रि से पहले देशवासियों को स्पेशल गिफ्ट

भारत ने नवरात्रि की पूर्व संध्या पर पाकिस्तान को हराते हुए देशवासियों को स्पेशल गिफ्ट दिया है। नवरात्रि की वजह से ही मैच एक दिन पहले रीशेड्यूल करना पड़ा था। भारत ने पहली बार पाकिस्तान को वनडे वर्ल्ड कप में 1992 में हराया था। उसके बाद 1996, 1999, 2003, 2011, 2015, 2019 और अब 14 अक्टूबर यानी आज एक बार फिर पाकिस्तान को परास्त कर दिया।

भारत ने पाकिस्तान को कब, किस तरह हराया

2023: 7 विकेट से जीत

2019: 89 रन से जीत (डीएलएस विधि)

2015: 76 रनों से जीत

2011: 29 रनों से जीत

2003: 6 विकेट से जीत

1999: 47 रनों से जीत

1996: 39 रनों से जीत

1992: 43 रनों से जीत

रोहित शर्मा का विध्वंसक आगाज

191 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया के लिए रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले ही ओवर में शाहीन की बॉल पर चौका जड़ते हुए करिश्माई अंदाज में शुरुआत की। यहां डेंगू से लड़कर अहमदाबाद पहुंचे शुभमन गिल 16 रन पर जरूर आउट हुए, लेकिन इसका कोई असर दिखा नहीं। कप्तान रोहित शर्मा ने विस्फोटक बेटिंग जारी रखी। हालांकि, यहां विराट कोहली भी 16 रनों के निजी स्कोर पर टी-20 विश्व कप के छक्के को दोहराने के चक्कर में हसन अली की गेंद पर आउट हो गए।

शतक से चूके कप्तान रोहित शर्मा

जब कोहली आउट हुए तो भारत का स्कोर 2 विकेट पर 79 रन था। इसके बाद मैदान पर रोहित शर्मा का साथ देने श्रेयस अय्यर आए। दोनों ने मोर्चा संभाला और टीम इंडिया को 150 रनों के पार पहुंचा दिया। रोहित शर्मा शतक के करीब दिख रहे थे कि शाहीन अफरीदी की बॉल पर छक्का लगाने के चक्कर में इफ्तिखार के हाथों कैच आउट हो गए। हालांकि तब तक वह अपना काम कर चुके थे। उन्होंने 63 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्के उड़ाते हुए 86 रनों की तूफानी पारी खेली।

पाकिस्तान की पारी का रोमांच, भारत की कातिलाना गेंदबाजी के आगे बाबर सेना ढेर

इससे पहले मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने पाकिस्तान को 42.5 ओवर में 191 रन पर आउट कर दिया। वनडे विश्व कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान का यह दूसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले 1999 में पाकिस्तानी टीम 180 रन पर आउट हो गई थी। नई गेंद संभालने वाले सिराज और बुमराह ने अपनी लेंथ में बदलाव करके सीम का पूरा फायदा उठाते हुए पाकिस्तान के मध्यक्रम को निस्तेज कर दिया। इस प्रकार विश्व कप में भारत के चिर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ आठवीं जीत का मार्ग प्रशस्त किया।

कुलदीप का कमाल तो बाबर और रिजवान का खेल गया बर्बाद

कुलदीप यादव ने सऊद शकील (6) और इफ्तिखार अहमद (4) को लगातार आउट करके पाकिस्तान की परेशानियां और बढ़ा दीं। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी के रोहित शर्मा के फैसले पर कई भृकुटियां तनी होंगी, लेकिन भारत ने शुरू ही से मैच पर दबाव बनाए रखा। पाकिस्तान के लिए कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने तीसरे विकेट के लिए 82 रन जोड़े, लेकिन उनके अलावा कोई साझेदारी नहीं बना सका।

 

बाबर ने जड़ी फिफ्टी रिजवान चूक गए, फिर विकेटों का तूफान

बाबर ने 58 गेंद में 50 और रिजवान ने 69 गेंद में 49 रन बनाए। सिराज ने पाकिस्तानी कप्तान को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। बाबर के आउट होते ही पूरा नरेन्द्र मोदी स्टेडियम उल्लास से मानो उछल पड़ा। एक लाख दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से आसमान गुंजायमान हो गया। रिजवान को बुमराह ने ऑफ कटर पर आउट किया। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजों अब्दुल्ला शफीक (20) और इमामुल हक (36) ने अच्छी शुरुआत की।

सिराज ने शफीक को पगबाधा आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई। तीसरे गेंदबाज के रूप में आये हार्दिक पंड्या को कुछ चौके लगे, लेकिन उन्होने इमाम को पवेलियन भेजा। बाबर और रिजवान के क्रीज पर रहने तक पाकिस्तान की स्थिति मजबूत लग रही थी, लेकिन एक विकेट ने हालात बदल दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.