एनसीआई@जोधपुर
जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लाल डायरी वाले बयान पर पलटवार किया है। उल्लेखनीय है कि खड़गे ने आज ही बारां में चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए कहा था कि लाल डायरी में लिखा है-चुनाव में कांग्रेस सरकार बनाएगी।
जल शक्ति मंत्री ने जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कहा- सरकार बदलने दीजिए, जब जांच शुरू होगी तो हर घोटाले की अलग-अलग रंग की डायरियां सामने आएंगी। अभी तो लाल ही डायरी सामने आई है, अब इंद्रधनुषी रंगों की डायरियां निकलेंगी।
Related News:-
बारां से ईआरसीपी अभियान की शुरुआत, खड़गे बोले-लाल डायरी में लिखा है कि फिर से कांग्रेस सरकार आने वाली है
शेखावत ने कहा- खड़गे पहले यह बताएं कि लाल डायरी में किस पन्ने पर लिखा है कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार आएगी। चलिए, राष्ट्रीय अध्यक्ष यह तो मान गए कि लाल डायरी है, वरना अभी तक सभी लाल डायरी को नकार रहे थे।
‘डायरी में कौन सी पंक्ति पहले लिखी है?”
शेखावत ने तंज कसते हुए कहा- मेरा सवाल है खड़गे साहब से, लाल डायरी में कौन सी पंक्ति पहले लिखी है। मल्लिकार्जुन खड़गेजी जो आज कहा वह पंक्ति, या वे पंक्तियां जो विधानसभा में पूर्व मंत्री ने लाल डायरी पढ़ते हुए बोलकर सुनाई थी। महिला के सम्मान में आवाज उठाने पर कांग्रेस ने पूर्व मंत्री को निष्कासित कर दिया। कांग्रेस के मंत्रियों-विधायकों ने विधानसभा में उनके साथ मारपीट की थी।
शेखावत ने कहा- राजस्थान की जनता जानती है कि कौन से मंत्रियों और विधायकों ने किस तरह से भ्रष्टाचार किया। यह केवल भाजपा के नेता नहीं कहते, कांग्रेस के विधायक भी कहते हैं। यह सरकार सदी की भ्रष्टतम सरकार है, जिसका लेखा-जोखा लाल डायरी में है।
इंद्रधनुषी डायरी आएगी
शेखावत ने कहा- सरकार बदलने दीजिए, जांच जब होना शुरू होगी तो कई रंग की डायरियां निकलेंगी। माइनिंग की डायरी अलग रंग की होगी, अन्नपूर्णा घोटाले की डायरी अलग रंग की होगी, मिड डे मील की अलग रंग की होगी, सड़क घोटाले, योजना भवन में सोना मिलना, इंद्रधनुषी रंगों की डायरियां इस सरकार के घोटालों की सामने आने वाली हैं।
लाल डायरी पर यह कहा था खड़गे ने
बारां में कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था- बीजेपी वालों ने यहां इशू उठाया कि लाल डायरी मिली है। लाल डायरी में क्या-क्या है। लाल डायरी में क्या लिखा है, आपको मालूम है। लाल डायरी में लिखा है कि आने वाले चुनाव में राजस्थान में कांग्रेस सरकार बनाएगी। उस डायरी में यह लिखा है कि फिर से कांग्रेस आने वाली है।
