सरपंच ने गिफ्ट में बांटी सिलाई मशीनें और टॉर्च, रिकवरी करने पहुंचे तहसीलदार से हुई धक्का-मुक्की, ग्रामीण ने गर्दन दबोच ली, पुलिस देखती रही
एनसीआई@अलवर
जिले के बहरोड़ में ड्यूटी पर तैनात तहसीलदार को ग्रामीणों ने धमकी दी। यही नहीं, वहां मौजूद एक व्यक्ति ने तो उनकी गर्दन तक दबोच ली। चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी घटना पुलिसकर्मियों के सामने हुई। भीड़ ने इस घटनाक्रम का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
यह वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर पहले ही दर्ज हो चुकी है।
यह है पूरा मामला
यह पूरा मामला बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र में आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ा है। जब जखराना गांव में दिवाली के मौके पर वोटरों को लुभाने के लिए गिफ्ट के तौर पर सिलाई मशीन और टॉर्च बांटी गईं। कांग्रेस प्रत्याशी ने मामले की सूचना निर्वाचन विभाग के कंट्रोल रूम पर दी। इसके बाद निर्वाचन विभाग की फ्लाइंग स्क्वायड टीम गांव में पहुंची और गांव में सर्च ऑपरेशन चलाया।
इस दौरान 15 घरों से सिलाई मशीनें व टॉर्च बरामद हुईं। इसके बाद मामले में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। वहीं, मशीनों की रिकवरी करने के लिए तहसीलदार सोमवार को जखराना गांव में पहुंचे।
इस दौरान ग्रामीणों ने उनके साथ जमकर बहस की व उन्हें मशीनों की रिकवरी करने से रोका। साथ ही भीड़ में मौजूद कुछ लोग तहसीलदार को सबक सिखाने की धमकी देने लगे। तभी बात करते हुए एक व्यक्ति ने तहसीलदार की गर्दन अपने हाथों में दबा ली और सबक सिखाने की बात कही। साथ ही लोगों ने तहसीलदार के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी की। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनकर सब कुछ देखती रही।
तहसीलदार ने दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना के बाद तहसीलदार राजवीर सिंह ने बहरोड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सरपंच करण सिंह गुड्डू की ओर से सिलाई मशीनें बांटने की सूचना मिली थी। वे जब इनकी रिकवरी करने गए तो एक बुजुर्ग ने उनकी गर्दन पकड़ ली और उन्हें पीटने का प्रयास किया। वहीं, सरपंच द्वारा 100 से ज्यादा सिलाई मशीन बांटने का मामला सामने आया है। फ्लाइंग स्क्वायड टीम के इंचार्ज यशवंत सिंह द्वारा पहले ही तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। मौके से 15 मशीनों को रिकवर भी किया गया है।
