बूंदी के कुम्भा स्टेडियम में आयोजित जनसभा को किया सम्बोधित, जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित हुई थी यह जनसभा
एनसीआई@बूंदी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा का कट्टर हिंदू चेहरा माने जाने वाले योगी आदित्यनाथ ने आज गुरुवार को बूंदी के कुम्भा स्टेडियम में आयोजित जनसभा में कांग्रेस पर जोरदार प्रहार किए। खास तौर पर उसकी तुष्टिकरण की नीति को उदाहरण देते हुए जमकर कोसा। अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर का मुद्दा भी उठाया, तो कांग्रेस सरकार के समय देश में लगातार हुई आतंकी घटनाओं और घुसपैठ पर भी प्रहार किया।
यह जनसभा बूंदी जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशियों क्रमशः बूंदी के अशोक डोगरा, केशवरायपाटन की चंद्रकांता मेघवाल व हिंडोली के प्रभु लाल सैनी के समर्थन में आयोजित की गई थी। इन तीनों प्रत्याशियों के अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष छीतर लाल, अन्य पदाधिकारी सुरेश अग्रवाल आदि भाजपाई भी मंच पर मौजूद थे।
लोगों की भावनाओं को ऐसे छुआ
योगी ने अपने भाषण की शुरुआत भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाकर की। इस पर जनता ने भी उनका भरपूर साथ दिया। पूरे दमखम से भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष को दोहराया। इसके बाद बूंदी शहर के प्रमुख धर्मस्थल मानधाता बालाजी का जिक्र करते हुए कहा कि इस पवित्र शहर में आपके दर्शन करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने बूंदी की वीरता के इतिहास का भी जिक्र किया।
तुष्टिकरण के कारण मुआवजे में भी भेदभाव
राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर अपने प्रहार की शुरुआत करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तुष्टिकरण के कारण यह तो मुआवजे में भी भेदभाव करती है। कन्हैया लाल के परिवार को तो 5 लाख का मुआवजा दिया गया, वहीं जयपुर में मोटरसाइकिल हादसे में मारे गए मुस्लिम को 20 लाख रुपए मुआवजा दिया गया।
केन्द्र सरकार की योजनाओं का ऐसे किया जिक्र
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हर घर शौचालय, मुख्यमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, गरीबों के घरों में बिजली पहुंचाने की योजना, हर घर नल योजना, गरीबों को 5 लाख रुपए के स्वास्थ्य बीमा की योजना, कोरोना काल में फ्री वैक्सीन व टेस्ट की सुविधा, 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन योजना, जिसे अब 5 साल तक बढ़ा दिए दिया गया है, आदि का जिक्र करते हुए इससे लोगों को मिले लाभ का आंकड़ा भी बताया। वह बोले मोदी जी ने नारा दिया सबका साथ- सबका विकास, लेकिन कांग्रेस के समय बोला गया देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। योगी ने आगे जोर देकर कहा, जबकि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार गरीबों का, वंचितों का, दलितों का, जनजातियों का, देश के नागरिकों का, आधी आबादी (महिलाओं) का होना चाहिए। वहीं कांग्रेस ने नागरिकों को उनका अधिकार देने की बजाय देश में तुष्टिकरण की नीति को लागू कर दिया। तुष्टिकरण की नीति नहीं होती तो कन्हैया लाल की हत्या नहीं होती।
मानधाता बालाजी विवाद का मुद्दा उठाया
यहां अपने भाषण में स्थानीय टच देते हुए योगी आदित्यनाथ ने मानधाता बालाजी के स्थान पर अप्रोच को लेकर सरकार के द्वारा लम्बे समय तक पैदा किए गए व्यवधान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की नीति के कारण ही मानधाता बालाजी के मंदिर के प्रवेश पर रोक लगाई गई। मैंने तो सुना है कि वहां सरकार ने सांसद और विधायक नीति से कार्य करवाने पर भी रोक लगा रखी है। इसके विपरीत हमारे यहां उत्तर प्रदेश में जितने भी मंदिर, धर्मस्थल हैं उनका सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
ऐसा बदल गया है भारत
इसी क्रम में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पूरा भारत बदल चुका है। एक नए भारत के दर्शन हो रहे हैं। एक स्वस्थ भारत, एक सुदृढ़ भारत, एक विकसित भारत, दुनिया में अपनी ताकत का अहसास कराने वाला भारत, दुनिया भर में भारतीयों का सम्मान बढ़ा है तो मोदी जी के कारण। पूरी दुनिया अपने संकट के समय भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देखती है। वहीं कांग्रेस के शासन में घुसपैठ होती थी, आतंकी घटनाएं होती थीं, लेकिन आज के नए भारत में घुसपैठ नहीं, अपितु आतंक के गढ़ में घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह करने का साहस रखते हैं। इस नए भारत में दुश्मन को उसकी भाषा में जवाब देने की ताकत है, क्योंकि भारत आगे बढ़ रहा है।
योगी बोले- यह वही कांग्रेस है, जो भगवान राम और भगवान कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाती थी, अस्तित्व को नहीं मानती थी। जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 500 वर्षों का इंतजार खत्म करके राम मंदिर का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चला रखा है।
कांग्रेस की सरकार होती तो राम मंदिर नहीं बन पाता
अंत में उन्होंने जनता से पूछा अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा है, कोई संदेह है क्या? इस पर जनता ने जोरदार आवाज में जवाब दिया- नहीं। फिर योगी बोले- मोदी जी के किसी कार्य पर संदेह नहीं है तो राजस्थान में भी फिर भाजपा की सरकार बनने में कोई संदेह नहीं होना चाहिए। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार नहीं होती तो क्या राम मंदिर बन पाता क्या? कांग्रेस क्या यह काम कर पाती? कांग्रेस आपकी आस्था का सम्मान नहीं करती है। राजस्थान में भाजपा की सरकार होती तो कन्हैया लाल की हत्या नहीं हो सकती थी।
विधायक डोगरा ने भी किया सम्बोधित
इससे पहले बूंदी विधायक एवं इस बार फिर यहीं से पार्टी प्रत्याशी अशोक डोगरा ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। गहलोत सरकार के भ्रष्टाचार सहित अन्य मुद्दों को उठाया और भाजपा को वोट देने की अपील की। कार्यक्रम के प्रारम्भ में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ का बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया गया।
लोगों का उत्साह देखते ही बना, मगर तादाद रही कम
कुम्भा स्टेडियम के विशाल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में आए भाजपाई अपूर्व उत्साह में नजर आए। उनका जोशो खरोश देखते ही बन रहा था। वे पूरे समय मोदी-योगी और जय श्री राम के उद्घोष करते रहे। योगी आदित्यनाथ के भाषण के बीच में कई बार उन्होंने जमकर तालियां बजाई और उनकी बातों को दोहराकर समर्थन भी किया। मगर एक बात यहां सबको बहुत खटकी। वह यह कि तीन विधायकों के समर्थन में आयोजित इस जनसभा में भीड़ अपेक्षाकृत काफी कम थी। यह काफी चर्चा का विषय भी रही। इस पर भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि पुलिस वाले उनकी बसों को आगे आने ही नहीं दे रहे थे। बेरिकेडिंग इस कदर की हुई थी कि पुलिसकर्मी लोगों को कुम्भा स्टेडियम तक पहुंचने में अड़ंगे लगा रहे थे।
