एनसीआई@बूंदी
जिले की हिंडोली विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार प्रभु लाल सैनी ने कांग्रेस उम्मीदवार एवं गहलोत सरकार में राज्य मंत्री अशोक चांदना पर गम्भीर आरोप लगाया है। सैनी का कहना है कि उनके द्वारा बाहर से बुलाए गए लोगों के कारण क्षेत्र की जनता में भय का माहौल है। इसलिए मतदाता बहुत धीरे से कहता है कि वोट तो आपको ही देंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चांदना के बाहर से आए हुए लोग ही प्रशासन और पुलिस से लेकर सब कुछ चलाते हैं।
प्रभु लाल सैनी वसुंधरा सरकार में कृषि मंत्री रह चुके हैं। वह गुरुवार को बूंदी जिला मुख्यालय पर आयोजित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। यहां उन्होंने हिंडोली में विकास कार्य की बात से इंकार तो नहीं किया, मगर कहा कि यह सब केन्द्र सरकार की योजनाओं से हुआ है।
योगी के दौरे से युवाओं में जोश का संचार
प्रभु लाल सैनी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि योगी जी के दौरे से युवाओं में जोश का संचार हुआ है। मतदाताओं में भी उत्साह बना है कि हिन्दुत्व की रक्षा करने वाला एक मुख्यमंत्री उनके बीच आया है। सैनी का कहना था कि बड़ी बात यह रही कि उन्होंने (योगी) भारत सरकार की योजनाओं के सम्बंध में भी जानकारी दी। जनता केन्द्र की योजनाएं और राजस्थान में जो भ्रष्टाचार का शासन है, इन दोनों की तुलना करके भाजपा को मतदान करे।
सारा विकास केन्द्र की योजनाओं से
एक सवाल के जवाब में सैनी बोले-मैं मंत्री और अशोक जी (कांग्रेस प्रत्याशी अशोक चांदना) से चुनाव नहीं लड़ रहा हूं, चुनाव लड़ रहा हूं कांग्रेस पार्टी से। मेरा कमल का निशान है, कांग्रेस का उनका निशान है। उन्होंने काम किया है, अच्छी बात है, वह जानें। लेकिन मैं कांग्रेस से यह कहना चाहूंगा कि वह यह साफ कर दे कि इनमें से कौन-कौन सी केन्द्र की योजनाएं हैं। मेडिकल कॉलेज की योजना से लेकर नल कनेक्शन, सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना यह सब केन्द्र की योजनाएं हैं। उनका कौन सा विकास, कहां हो गया, हमें तो कहीं लगा नहीं। जहां जिस गांव में हम गए, जनता त्रस्त है। चारों ओर कीचड़ है। इतने बुरे हालात हैं कि आम आदमी सुरक्षित भी नहीं है।
बाहर के आदमियों से भय का वातावरण
सैनी ने आगे कहा-वोटों के लिए वह (मतदाता) बहुत धीरे से बात करता है कि वोट तो आपको ही देंगे, यानी भय का वातावरण है। इस भय के वातावरण को दूर करने का काम भारतीय जनता पार्टी का है। निश्चित रूप से जनता को विश्वास दिलाएंगे कि भय कतई न रखे। हम सब मिलकर इस बुराई से लड़ने का काम करें।
इस पर सैनी से पूछा गया कि किस प्रकार का भय उनका (चांदना) जनता में है? इस पर सैनी बोले- मैं उनकी बात नहीं कर रहा हूं, उनके जो सेवादार आए हुए हैं, हजार-दो हजार लोग बाहर के, वही सब चलाते हैं। एडमिनिस्ट्रेशन वह चलते हैं, पुलिस को वह चलाते हैं। पुलिस को कहते हैं एफआईआर दर्ज नहीं होनी चाहिए तो नहीं होती है। आम जनता इस बात का जवाब 25 तारीख को देगी। जब पूछा गया कि ये लोग कहां के हैं, इस पर सैनी का कहना था- राजस्थान के बाहर के।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर विश्वास नहीं
इस क्रम में सैनी ने चांदना पर यह आरोप लगाया कि उन्हें अपने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर विश्वास नहीं है। आज जनता अपने आप को ठगा सा महसूस कर रही है। लेकिन सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास लेकर विधान सभा क्षेत्र में ही नहीं, पूरे राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी काम करेगी। उन्होंने बूंदी जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की जीत का दावा करते हुए कहा कि माहौल ही ऐसा है। राजस्थान में 150 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया।
