बीजेपी की 5 वीं सूची : इस बार तो चुनाव में आ ही गए ‘राम’, मेरठ से अरुण गोविल तो मंडी से कंगना लड़ेंगी चुनाव
एनसीआई@नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी प्रत्याशियों की पांचवीं सूची जारी कर दी है। इस सूची में 111 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। इनमें कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले नवीन जिंदल और अभिनेत्री कंगना रनौत शामिल हैं। नवीन जिंदल को भाजपा में शामिल होने के महज घंटे भर बाद ही उम्मीदवार बना दिया गया। वहीं रामायण सीरियल में भगवान राम की भूमिका निभाकर विख्यात हुए अरुण गोविल को भी मैदान में उतर गया है। सम्बित पात्रा और धर्मेंद्र प्रधान भी इस सूची में बड़ा चेहरा हैं।
मेरठ से मैदान में अरुण गोविल
रामानंद सागर की रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल को भाजपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की मेरठ लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। इसी के साथ इस लोकसभा चुनाव में भगवान राम की एंट्री हो गई है।
नवीन जिंदल को मिला टिकट
कांग्रेस की सदस्यता छोड़ भाजपा में शामिल हुए नवीन जिंदल को भी पार्टी ने चुनावी मैदान में उतारा है। भाजपा में शामिल होने के महज घंटे भर बाद ही उन्हें कुरुक्षेत्र से प्रत्याशी घोषित कर दिया गया, जबकि सूची में कंगना रनौत के नाम ने भी सभी को चौंका दिया। कंगना रनौत को भाजपा ने मंडी से प्रत्याशी बनाया है।
वहीं, झामुमो नेता और हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन को भी टिकट मिला है। वे दुमका से प्रत्याशी होंगी। वे हाल ही में भाजपा में शामिल हुई थीं।
किस राज्य से कितने उम्मीदवार घोषित
बीजेपी ने इस पांचवीं सूची में आंध्र प्रदेश के 6, बिहार के 17, गोवा-मिजोरम-सिक्किम के एक-एक, गुजरात के 6, हरियाणा के 4, हिमाचल-तेलंगाना के 2-2, झारखंड के 3, कर्नाटक-केरल के 4-4, महाराष्ट्र के 3, ओडिशा के 18, राजस्थान के 7, उत्तर प्रदेश के 13 व पश्चिम बंगाल के 19 उम्मीदवारों का ऐलान किया है।
इन दिग्गज नेताओं को मिला टिकट
क्रमांक लोकसभा सीट उम्मीदवार
1.मेरठ अरुण गोविल
2. उजियारपुर नित्यानंद राय
3. बेगुसराय गिरिराज सिंह
4.पटना साहिब रविशंकर प्रसाद
5.मंडी कंगना रनौत
6. कुरूक्षेत्र नवीन जिंदल
7. दुमका सीता सोरेन
8. बेलगाम जगदीश शेट्टार
9.चिक्काबल्लापुर के सुधाकरन
10. सम्बलपुर धर्मेंद्र प्रधान
11.बालासोर प्रताप सारंगी
12.पुरी सम्बित पात्रा
13.भुवनेश्वर अपराजिता सारंगी
