IND vs SA Final: रिजर्व डे पर भी बारिश की आशंका, मैच हुआ रद्द तो कौन होगा विजेता, जानें नियम
Source: ICC gallery
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी 20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल मुकाबला आज शनिवार, 29 जून को खेला जाएगा। लेकिन अब फाइनल मैच से पहले ही फेंस के लिए बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, इस मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है।
एनसीआई@स्पोर्ट्स डेस्क
भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 68 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टीम इंडिया ने सेमीफाइनल मैच में कमाल का प्रदर्शन किया था। इस प्रकार भारतीय टीम ने तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई है। अब टी 20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में भारतीय टीम का सामना साउथ अफ्रीका की टीम से 29 जून को भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से ब्रिजटाउन, बारबाडोस के मैदान पर होगा। दोनों ही टीमों ने अभी तक टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन किया है और एक भी मैच नहीं हारा है। लेकिन अब फाइनल मैच में बारिश का खतरा मंडरा रहा है।
बारिश कर सकती है मजा किरकिरा
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिजटाउन, बारबाडोस में 29 जून को दिन में बारिश की संभावना 78% तक है। साथ में तेज हवाएं भी चल सकती हैं और बादल घिरे रहने की उम्मीद है। वहीं रात में बारिश की आशंका 87 प्रतिशत है। फाइनल मैच के लिए 30 जून रिजर्व डे है। मगर इस दिन भी बारिश का खतरा बना हुई है। इस प्रकार बारिश क्रिकेट फेंस का मजा किरकिरा कर सकती है। 30 जून को दिन में बारिश की आशंका 61 प्रतिशत और रात में 49 प्रतिशत तक है। ऐसे में रिजर्व डे पर भी मैच होने की कोई सम्भावना दिखाई नहीं दे रही है।

दोनों टीमें बन सकती हैं संयुक्त विजेता
ICC ने भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले फाइनल मैच के लिए 30 जून का दिन रिजर्व डे रखा है। पहले तो 29 जून को मैच कराने का हर सम्भव प्रयास किया जाएगा। अगर किसी तरह मैच नहीं होता है तो फिर उसे रिजर्व डे पर खेला जाएगा। रिजर्व डे पर मैच वहीं से शुरू होगा, जहां 29 जून को रुका था। अगर रिजर्व डे पर भी मैच बारिश या किसी अन्य कारण से नहीं हो पाता है तो फिर दोनों टीमों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित कर दिया जाएगा।
भारतीय टीम ने एक बार जीता है खिताब
रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने मौजूदा टी 20 वर्ल्ड कप में कमाल का प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया ने इस वर्ल्ड कप में लगातार अपने सभी 7 मैच जीते हैं। इससे पहले किसी भी टी 20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में टीम इंडिया ने इतने मैच नहीं जीते थे। भारतीय टीम ने टी 20 वर्ल्ड कप 2007 और 2014 के फाइनल में भी जगह बनाई थी। भारत ने टी 20 वर्ल्ड कप 2007 के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था।
