एनसीआई@बूंदी
जिले की कापरेन पुलिस ने एक संदिग्ध मौत का खुलासा करते हुए शनिवार को हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपने साथी के साथ एक बबूल का पेड़ काट रहा था। इसी दौरान उसने साथी को कुल्हाड़ी से वार कर गम्भीर घायल कर दिया। प्रेम प्रसंग में विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है।
कापरेन एसएचओ कमल सिंह ने बताया कि यह वारदात 18 अगस्त की है। इस मामले में केसरी लाल बैरवा, निवासी बलकासा ने पुलिस को एक लिखित रिपोर्ट दी थी। इसमें कहा गया था कि गांव के दुर्गालाल ने मुझे सूचना दी कि मेरा बेटा लेखराज गांव के बाबूलाल मीणा के बाड़े में लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है। जब मैं दुर्गालाल के साथ बाड़े में पहुंचा तो मुझे मेरा बेटा घायल हालत में मिला। वह हिलडुल नहीं रहा था। उसके सिर से खून बह रहा था। मौके पर बाबूलाल मीणा भी मौजूद था। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसका खुलासा करने के लिए टीम गठित की।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि लेखराज व पप्पू बैरवा दोनों बबूल काट रहे थे। इसी बीच पप्पू ने बबूल की टहनी काटने के बहाने लेखराज की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया था, ताकि लगे कि गलती से कुल्हाड़ी से चोट लगी है। इस घटना को पास में खेल रहे बच्चों ने भी देखा था। इस प्रकार इस हत्या का खुलासा हो पाया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के आरोपी की तलाश शुरू की। उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने घटना को दुर्घटना बताने का पूरा प्रयास किया था। इसी के चलते पप्पू ने बबूल काटने के बहाने लेखराज पर हमला कर दिया। पुलिस को घटना स्थल और कुल्हाड़ी के वार की स्थिति से संदेह हुआ। बारीकी से छानबीन शुरू की तो मामला प्रेम प्रसंग का निकला।
