उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का है यह सनसनीखेज मामला। यहां दो नाबालिग छात्राओं के साथ गांव में स्थित राधास्वामी सत्संग भवन के 75 वर्षीय सेवादार ने जबरन नशीली गोलियां खिलाकर महीनों तक दुष्कर्म किया।
एनसीआई@बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश)
जिले के एक गांव में स्थित राधास्वामी सत्संग ब्यास भवन के 75 वर्षीय सेवादार ने दो नाबालिग छात्राओं को जबरन नशीली गोलियां खिलाकर कई बार दुष्कर्म किया। परिजन को महीनों बाद इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी सेवादार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

साइकिल सिखाने के बहाने फंसाया जाल में
पहले मामले के अनुसार, बुधवार को क्षेत्र के चांदपुर पूठी गांव के एक ग्रामीण ने स्याना कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। इसमें कहा गया था कि उसकी 13 वर्षीय भतीजी गांव के बालिका विद्यालय में कक्षा सात की छात्रा है। गांव के राधास्वामी सत्संग ब्यास भवन के बाहर उसकी भतीजी अन्य बच्चों के साथ खेलती रहती थी। सत्संग भवन का सेवादार मोहन लाल साइकिल सिखाने के बहाने उसकी भतीजी को भवन के अंदर बुलाकर साइकिल सीखने के लिए दे देता था। इसके बाद जब वह बालिका साइकिल वापस करने सत्संग भवन जाती थी तो सेवादार मोहन लाल उसे सत्संग भवन के अंदर बुलाकर प्रसाद के नाम पर खाने-पीने की चीजों में कुछ मिलाकर खिला देता था। इससे वह अचेत हो जाती थी तो आरोपी उसके साथ दुष्कर्म करता था। इससे गर्भवती हो जाने से बालिका का पेट बढ़ा, तब परिजनों ने पूछताछ की। इस पर उसके साथ हुए दुष्कर्म का खुलासा हुआ। परिजनों ने डॉक्टर को दिखाया तो उसकी अल्ट्रासाउंड जांच कराई गई। इसमें यह बालिका चार माह की गर्भवती निकली।
यह है दूसरा मामला
वहीं, इसी गांव के निवासी एक अन्य ग्रामीण ने भी ऐसे ही एक और मामले की पुलिस को लिखित में शिकायत दी है। इसमें कहा गया है कि, उसकी 13 वर्षीय बहन गांव के स्कूल में कक्षा छह की छात्रा है। उसके साथ भी सेवादार मोहन लाल ने नशीला पदार्थ खिलाकर सात महीने तक दुष्कर्म किया। उसकी बहन ने परिजनों से शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों तहरीरों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि दो नाबालिग छात्राओं से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर पर आरोपी सेवादार मोहनलाल के खिलाफ दो मुकदमे पंजीकृत कर, उसे गिरफ्तार कर, जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में आरोपी सेवादार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

अन्य बच्चियों से भी दुष्कर्म का पुलिस को शक
वहीं, इस मामले में सामने आया है कि इन दोनों लड़कियों का घर सत्संग भवन के सामने ही है। इसलिए ये अन्य बच्चों के साथ खेलते हुए सत्संग भवन के अंदर चली जाती थीं। पुलिस को शक है कि मोहनलाल ने सत्संग भवन में आने वाली अन्य बच्चियों से भी कुकर्म किया होगा। इसलिए वहां आने वाली महिलाओं और अन्य बच्चियों से भी तहकीकात की जा रही है। इधर, गिरफ्तारी के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मोहनलाल ने कहा कि उसने चार-पांच महीने पहले दो-तीन बार इन लड़कियों से दुष्कर्म किया है। इसके बाद इन लड़कियों ने सत्संग भवन आना छोड़ दिया था।
अधिक उम्र होने से कोई नहीं करता था शक
आरोपी मोहनलाल की पत्नी की मृत्यु हो चुकी है। उसके तीन बेटे हैं। इनमें से एक दिल्ली और एक अहमदाबाद में काम करता है। तीसरा बेटा गांव में ही रहता है। मोहनलाल अपने बेटे से अलग रहता है। अधिक उम्र होने से इस पर कोई किसी प्रकार का शक नहीं करता था। सत्संग होने पर महिलाएं भी सत्संग भवन में आती थीं।
90 देशों में है राधा स्वामी सत्संग ब्यास के सेंटर
राधा स्वामी सत्संग ब्यास की स्थापना 1891 में अमृतसर के ब्यास में बाबा जैमल सिंह ने की थी। इसकी स्थापना का उद्देश्य लोगों को धार्मिक संदेश देना था। आज 90 देशों में इसकी शाखाएं हैं। इनमें अमेरिका, न्यूजीलेंड, ऑस्ट्रेलिया जैसे देश भी शामिल हैं।
