जयपुर के गैस फिलिंग प्लांट में रिसाव से मचा हड़कम्प, टेंकर का वॉल्व टूटने से हुआ हादसा, पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर मौजूद
एनसीआई@जयपुर
जयपुर के एक ऑक्सीजन प्लांट में मंगलवार शाम गैस लीकेज हो जाने से दहशत फैल गई। टेंकर का वॉल्व टूटने से प्लांट से ऑक्सीजन का लीकेज हुआ। विश्वकर्मा थाना पुलिस ने मेन वॉल्व बंद करवाकर गैस लीकेज को बंद करवाया। ऑक्सीजन गैस फैल जाने से दृश्यता कम हो गई। इससे साफ दिखाई नहीं देने के कारण पुलिस ने वाहनों को धीमी गति से निकाला। मौके पर सिविल डिफेंस की टीम भी तैनात रही।

विश्वकर्मा थाना एसएचओ राजेन्द्र शर्मा ने बताया- विश्वकर्मा रोड नम्बर 18 पर स्थित ऑक्सीजन प्लांट पर गैस लीकेज हुआ था। ऑक्सीजन प्लांट के एक टेंकर में 20 टन गैस भरी हुई थी। शाम करीब 4 बजे टेंकर का वॉल्व टूट जाने से गैस लीक हो गई। इसके चलते ऑक्सीजन गैस 200-300 मीटर तक तेजी से फैल गई। इस गैस लीकेज के चलते स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल हो गया।

सूचना मिलने पर विश्वकर्मा थाना पुलिस फायर बिग्रेड की गाड़ी के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने ऑक्सीजन प्लांट के मेन वॉल्व को बंद करवा कर लीकेज को बंद करवाया।
ऑक्सीजन गैस के लीकेज से पारदर्शिता कम होने के चलते वाहनों को पुलिस ने धीमे गति से निकलवाया। फायर बिग्रेड की मदद से पानी की बौछार कर गैस के लेवल साफ किया गया। पुलिस ने इस हादसे में किसी के भी हताहत होने से इनकार किया है।
