कोटा: लोकतंत्र के पर्व पर नव मतदाताओं और कार्मिकों का किया सम्मान, मतदाता जागरुकता की शपथ भी दिलाई
जिला स्तरीय 15 वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह आयोजित
एनसीआई@कोटा
15 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम सूचना केन्द्र के सभागार में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निर्वाचन अधिकारी मुकेश चौधरी ने की। उन्होंने नव मतदाताओं और लोकसभा चुनाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि ‘मतदान लोकतंत्र का वह महापर्व है, जो सभी को एकता के सूत्र में बांधता है, जहां जाति, धर्म और लिंग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होता है।’

चौधरी ने कहा कि मतदान न केवल हमारा अधिकार है, बल्कि यह एक नैतिक कर्तव्य भी है। सभी नागरिकों को सुनिश्चित करना चाहिए कि वे अपने मताधिकार का उपयोग करें। यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। एक स्वस्थ लोकतंत्र तभी सम्भव है, जब सभी मतदाता निष्पक्षता और जिम्मेदारी से मतदान करें।
उप निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारतीय चुनाव आयोग मतदान प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। विशेष रूप से दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पिंक बूथ, रेम्प, व्हील चेयर और दिव्यांग मित्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह कदम लोकतंत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से उठाए गए हैं, ताकि हर वर्ग की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा- इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2025 की थीम ‘मतदान से बढ़कर कुछ नहीं, मैं निश्चित रूप से मतदान करूंगा’। यह स्पष्ट रूप से इंगित करती है कि युवाओं को अपने मताधिकार का आवश्यक रूप से इस्तेमाल करना चाहिए। समाज में मतदान को लेकर किसी भी तरह की कोई उदासीनता नहीं होनी चाहिए।

विद्यार्थियों ने मतदान पर अपने विचार व्यक्त किए
महात्मा गांधी गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रत्यक्ष कुमावत और हंसवी रावल ने ‘मेरा मत, मेरे भविष्य का निर्णायक’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है और यह देश के भविष्य और विकास की दिशा तय करता है।
कार्यक्रम के दौरान 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नव पंजीकृत मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र सौंप कर उनका अभिनंदन किया गया। साथ ही, लोकसभा चुनाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
विशेष सम्मान और रचनात्मक योगदान
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सूचना केन्द्र के सहायक प्रशासनिक अधिकारी नितेंद्र सिंह चौहान, कम्प्यूटर ऑपरेटर विजय मेघवाल और मीडिया प्रकोष्ठ में सराहनीय कार्य के लिए मुकेश मालव सहित अन्य अधिकारियों व कार्मिकों को सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की महिलाओं द्वारा बनाई गई चुनाव से सम्बंधित रंगोली के लिए भी उन्हें सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदाता जागरुकता की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी (लाडपुरा) गजेंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) अनिल सिंघल, सहायक कलेक्टर हुकुम कंवर, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मजहर इमाम, लेखाधिकारी देवेंद्र सिंह चौहान, सहायक जनसम्पर्क अधिकारी आकांक्षा शर्मा, और कार्यक्रम समन्वयक आशीष शर्मा आदि विभागीय अधिकारी, कार्मिक व नव मतदाता रहे। मंच संचालन जया सक्सेना ने किया।
