कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी को बता दिया ‘आतंकवादी’, बवाल होने पर बाद में देने लगे सफाई
चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम नरेन्द्र मोदी को आतंकवादी कह दिया। उन्होंने कहा कि मोदी की पार्टी समता के सिद्धांत में विश्वास नहीं करती है।
एनसीआई@चेन्नई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम नरेन्द्र मोदी को आतंकवादी कह दिया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि मोदी आतंकवादी हैं और उनकी पार्टी बराबरी के सिद्धांत में विश्वास नहीं करती है। खड़गे ने कहा कि AIADMK लोकतंत्र को कमजोर कर रही है और पेरियार और आम्बेडकर के सिद्धांतों के खिलाफ काम कर रही है।
खड़गे के बयान पर तुरंत देश भर में बवाल मचा तो उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ। इस पर वह थोड़ी देर बाद ही यू टर्न लेते नजर आए। बात को पलटा। खड़गे ने फिर सफाई देते हुए कहा, ‘मैंने आतंकवादी नहीं कहा, मैंने कहा कि वे आतंकित कर रहे हैं।’ कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि वे यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि वे (मोदी) धमकाते हैं। उन्होंने कहा, “मैं यह स्पष्ट करना चाहता था कि मोदी हमेशा धमकाते हैं। मैंने आपको क्रम बताया था, IT, ED। सभी संस्थाएं उनके हाथों में हैं। मैंने कभी यह नहीं कहा कि वह एक आतंकवादी हैं। वह लोगों को आतंकित कर रहे हैं।”
खड़गे का यह था पूरा बयान
खड़गे ने BJP-AIADMK के बीच हुए गठबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा था, “वे बीजेपी के साथ कैसे गठबंधन कर सकते हैं। मोदी आतंकवादी हैं, जो बराबरी के सिद्धांत में विश्वास नहीं करते हैं, उनकी पार्टी समता और न्याय में विश्वास नहीं करती है और ये लोग उनके साथ शामिल हो रहे हैं। इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं। ये लोग अन्नादुरई, आम्बेडकर, करुणानिधि के सिद्धांतों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।”
तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चेन्नई में कहा कि मोदी और शाह ने पहले भी चुनी हुई सरकारों को गिराने की कोशिशें की हैं। आप जानते हैं, 11 सालों में उन्होंने कई सरकारें गिराई, विधायकों को खरीदा, राज्यसभा सांसदों को खरीदा। इन लोगों ने धनबल और मसल पावर का इस्तेमाल किया। इनके हाथ में जो संस्थाएं हैं, जैसे कि CBI, ED, IT सभी संस्थानों का वे गलत प्रयोग कर रहे हैं और राजनीतिक दलों के नेताओं पर छापा मरवा रहे हैं।
बीजेपी ने की तीखी आलोचना
जिस समय खड़गे ने चेन्नई में यह आपत्तिजनक वक्तव्य दिया, उस समय केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी चेन्नई में ही थे। गोयल ने तुरंत प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मल्लिकार्जुन खडगे के बयान की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा, “हमें शर्म आती है कि कांग्रेस पार्टी इतनी निचले स्तर पर गिर गई है। एक लोकतांत्रिक रूप से चुने हुए प्रधानमंत्री, जिन्हें जनता ने चुना है, वे उन्हें आतंकवादी कह रहे हैं। मैं खड़गे के इस बयान की कड़ी निंदा करता हूं। मैं भारत की जनता के इस अपमान के लिए माफी की मांग करता हूं। उन्होंने न केवल प्रधानमंत्री का अपमान किया है, बल्कि 142 करोड़ भारतीयों और तमिलों का भी अपमान किया है। तमिलनाडु की जनता राहुल गांधी, खड़गे और स्टालिन को कभी माफ नहीं करेगी।” बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा सहित अन्य भाजपाई भी खड़गे पर जमकर बरसे।
