एनसीआई@धौलपुर
जिसे के कंचनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला के अश्लील फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद उस महिला ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में मृतका के भाई ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
परिजनों का आरोप है कि करीब एक साल पहले मुख्य आरोपी ने महिला के अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए थे। इसके बाद उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लेकमेल किया जा रहा था। उसका शारीरिक शोषण भी किया गया। हाल ही में फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महिला मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। इसके चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर कंचनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक साल पहले बनाए थे अश्लील फोटो-वीडियो
महिला के भाई की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, साल 2013 में उसकी बहन की शादी कंचनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। करीब एक साल पहले आरोपी निरंजन उर्फ नरेन्द्र पुत्र हेमसिंह ने महिला के अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए थे। आरोप है कि आरोपी इन फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर विवाहिता को लगातार ब्लेकमेल कर रहा था। शारीरिक शोषण भी कर रहा था। इस वजह से वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।
भाइयों पर फोटो-वीडियो वायरल करने का आरोप
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि मुख्य आरोपी निरंजन उर्फ नरेन्द्र के भाई लक्ष्मण और रविंद्र ने कुछ समय पूर्व महिला के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इसके बाद महिला समाज में बदनामी और प्रतिष्ठा को लेकर तनाव में आ गई। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक परेशानी के चलते उसने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
आरोपी पति के रिश्तेदार
पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपी महिला के पति के परिवार से ताल्लुक रखते हैं। मुख्य आरोपी निरंजन उर्फ नरेंद्र को महिला के पति का रिश्ते में चचेरा भाई बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, करीब एक साल पहले इसी आरोपी ने महिला के अश्लील फोटो और वीडियो बनाए थे और बाद में इन्हीं के आधार पर उसे ब्लेकमेल किया जा रहा था।
तीनों आरोपी फरार, पुलिस दे रही दबिश
मामला दर्ज होने के बाद तीनों नामजद आरोपी निरंजन उर्फ नरेंद्र, लक्ष्मण और रविंद्र गांव से फरार हो गए। कंचनपुर थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि महिला के भाई ने अपने जीजा के साथ तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले में तकनीकी सबूत जुटा रही है। पुलिस टीम ने घटनास्थल मुआयना किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना से जुड़े लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
