राजस्थान में बीजेपी की हार के बाद पार्टी संगठन में गम्भीर मंथन शुरू हो गया है। संगठन प्रभारी बीएल संतोष ने प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया को दिल्ली बुलाकर आज बुधवार शाम ही बैठक करने का निर्णय लिया है।
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान के पंचायतीराज चुनावों में बीजेपी की तगड़ी हार से पार्टी संगठन में गम्भीर मंथन शुरू हो गया है। पार्टी के संगठन प्रभारी बीएल संतोष ने राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया को दिल्ली बुलाया है। दोनों नेता आज बुधवार शाम बीएल संतोष के साथ बैठक करेंगे। इसमें राजस्थान में पार्टी की हार के कारणों पर चर्चा होगी।
दिल्ली रवाना होने से पहले मदन राठौड़ और संजय भाटिया ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बीजेपी के अन्य नेताओं के साथ चर्चा की। इसके बाद दोनों नेता दिल्ली के लिए रवाना हो गए। अब शाम को होने वाली बैठक में बीएल संतोष के साथ पार्टी की हार को लेकर मंथन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों ने सत्तारूढ़ बीजेपी की चिंता बढ़ा दी है। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में पार्टी के वोट शेयर में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, बीजेपी के कमजोर प्रदर्शन का कांग्रेस को भी उम्मीद के मुताबिक फायदा नहीं मिला है। राजस्थान में 2020-21 के जिला परिषद चुनाव में बीजेपी को 42.42 फीसदी वोट मिले थे, जो 2026 में घटकर 37.77 फीसदी रह गए. वहीं, कांग्रेस का वोट शेयर 42.59 फीसदी से बढ़कर 43.40 फीसदी हुआ है।
पंचायत समिति चुनाव में बीजेपी का वोट शेयर 38.06 फीसदी से घटकर 33.78 फीसदी रह गया है। पिछले 25 वर्षों के पंचायत समिति चुनावों में यह बीजेपी का सबसे कमजोर प्रदर्शन है। वहीं, कांग्रेस का वोट शेयर भी 39.54 फीसदी से घटकर 39.15 फीसदी रह गया है।
परम्परागत वोट बैंक में नाराजगी
बीजेपी के खराब प्रदर्शन के पीछे राजपूत, देवासी, आदिवासी और जाट समुदायों की नाराजगी को भी एक वजह माना जा रहा है। चित्तौड़गढ़, राजसमंद, सिरोही, जालोर, बाड़मेर, नागौर और चूरू जैसे इलाकों में इसका असर देखने को मिला है। बीजेपी से नाराज कुछ मतदाता मतदान से दूर रहे, जबकि कुछ ने निर्दलीय उम्मीदवारों और छोटे राजनीतिक दलों का समर्थन किया।
2028 के विधानसभा चुनाव से पहले चुनौती
पंचायत चुनाव के नतीजों ने दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। बीजेपी के सामने ग्रामीण क्षेत्रों में अपना जनाधार मजबूत करने की चुनौती है, जबकि कांग्रेस के सामने बीजेपी से नाराज मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने का सवाल है।
दिल्ली में हार पर होगा मंथन
इस बीच बीजेपी के संगठन प्रभारी बीएल संतोष ने प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया को दिल्ली बुलाया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बीजेपी नेताओं के साथ चर्चा के बाद दोनों नेता दिल्ली रवाना हो गए।
