एनसीआई@कोटा
उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा एवं सही माप-तौल सुनिश्चित करने के लिए उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से कोटा जिले में पेट्रोल पम्पों पर आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया गया। उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार 16 एवं 17 नवम्बर को विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 तथा राजस्थान विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) नियम, 2011 के तहत यह कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत विधिक माप विज्ञान अधिकारी दुर्गेश कुमार (झालावाड़) एवं अशोक मित्तल (सवाई माधोपुर) के जांच दल ने जिले के कुल 7 पेट्रोल पम्पों का निरीक्षण किया। इनमें एचपी फ्यूलिंग सेंटर मंडाना, उमा फिलिंग स्टेशन मंडाना बाईपास, रत्न फिलिंग स्टेशन दर्रा, विजय फिलिंग स्टेशन दर्रा, अम्बे इंडियन ऑयल फिलिंग स्टेशन एनई-4, सैनिक भोम सिंह इंडियन ऑयल तथा महाकाली हाईवे सर्विस दबदेव शामिल हैं।

ये मिली खामियां
इस दौरान पेट्रोल एवं डीजल की कम आपूर्ति की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न नोजलों की 5 लीटर के मानक माप से जांच की गई। जांच में सभी पेट्रोल पम्पों पर ईंधन की आपूर्ति निर्धारित त्रुटि सीमा के भीतर पाई गई। निरीक्षण के दौरान सत्यापन प्रमाण पत्र सहज दृश्य स्थान पर प्रदर्शित नहीं होने तथा 5 लीटर के टेस्टिंग माप का सत्यापन नहीं पाए जाने पर सम्बंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक माप विज्ञान अधिनियम की धारा 33 एवं 53(3) के तहत कार्रवाई की गई।
राजस्थान भर में जारी रहेगी जांच
विभाग ने कुल 12 हजार 500 रुपए का जुर्माना लगाकर राजकीय कोष में जमा कराया। उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार आगामी दिनों में पूरे राजस्थान में पेट्रोल पम्पों की नियमित जांच जारी रहेगी। अनियमितता पाए जाने पर सम्बंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा करना तथा आमजन को सही माप-तौल के साथ सेवाएं उपलब्ध कराना है।
