एनसीआई@बूंदी
पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के तत्वावधान में 27 से 29 नवम्बर तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ‘बूंदी महोत्सव’ में इस बार राजस्थानी लोक संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिलेगी। महोत्सव के दूसरे दिन 28 नवम्बर को नवल सागर पार्क में आयोजित होने वाली सायंकालीन सांस्कृतिक संध्या में प्रख्यात राजस्थानी गायिका सीमा मिश्रा अपने दल के साथ सुरों का जादू बिखेरेंगी।
प्रशंसकों के बीच ‘मरू कोकिला’ के नाम से मशहूर सीमा मिश्रा की मधुर आवाज बूंदी की फिजाओं में राजस्थानी लोकगीतों, पारम्परिक धुनों और भक्ति संगीत का रस घोलेगी। उनके गाए ‘घूमर’, ‘कुर्जा’, ‘मिश्री को बाग लगा दे रसिया’, ‘चांद चढ़्यो गिगनार’ और विवाह गीत श्रोताओं के बीच खासे लोकप्रिय हैं। अपनी विशिष्ट गायकी से राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को देश-विदेश तक पहुंचाने वाली इस गायिका की प्रस्तुति को लेकर शहरवासियों और विदेशी पर्यटकों में अभी से भारी उत्साह हैं।
हाड़ोती से है विशेष लगाव
3 नवम्बर 1976 को झुंझुनू जिले के बिसाऊ कस्बे में जन्मीं सीमा मिश्रा का संगीत का सफर काफी छोटी उम्र में ही शुरू हो गया था। उनका बचपन मुख्य रूप से कोटा और बाद में शेखावाटी क्षेत्र में बीता। स्कूली कार्यक्रमों, धार्मिक आयोजनों और सांस्कृतिक मंचों से अपनी गायकी की शुरुआत करने वाली सीमा मिश्रा का कोटा में बचपन बीतने के कारण हाड़ोती अंचल से गहरा नाता और विशेष लगाव है। ऐसे में बूंदी महोत्सव के मंच पर उनकी यह प्रस्तुति कला प्रेमियों के लिए बेहद खास रहेगी।
