एनसीआई@बूंदी
जिले में हिंडोली पंचायत समिति क्षेत्र में खींया मतदान केंद्र पर शनिवार सुबह मतदान कर्मचारी शारीरिक शिक्षक बबलू लाल गुर्जर की ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने CPR देकर उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन बचा नहीं पाए।
जिला अस्पताल में जिला निर्वाचन अधिकारी हरफूल सिंह यादव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एचडी सिंह, पीएमओ डॉ. गोविंद गुप्ता सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी और कार्मिक मौजूद थे।
तहसीलदार रतन लाल मीणा ने बताया कि प्राथमिक तौर पर सामने आया है कि टीचर बबलू गोचर को पहले भी दिल के दौरे पड़ चुके थे। सूचना मिलने के बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
अचानक बेहोश हुए, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बूंदी एसडीएम लक्ष्मीकांत मीणा ने बताया कि शुक्रवार शाम के समय मतदान दल के सदस्य सोने की तैयारी कर रहे थे, तब बबलू की तबीयत ठीक थी। उन्होंने चक्कर आने की बात कही थी, लेकिन मेडिकल सहायता की मांग नहीं की थी। शनिवार सुबह अचानक उनके बेहोश होने की सूचना मिली। इसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी। जिला अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि बबलू कुमार करीब 3 साल पहले शारीरिक शिक्षक (PTI) के रूप में राजकीय सेवा में आए थे।
