एनसीआई@बूंदी
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के ओएसडी राजेश गोयल ने गुरुवार को नवल सागर पार्क के सुदृढ़ीकरण व सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क को इस तरह से विकसित किया जाए कि देशी-विदेशी सैलानी इसकी ओर आकर्षित हों। उन्होंने बूंदी शहर को राजस्थान के मुख्य पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की बात कहते हुए भविष्य की जरूरतों के हिसाब से पार्किंग सुविधा तैयार करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान ओएसडी ने कहा कि बूंदी के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और पर्यटकों को यहां की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराने के लिए एक लघु बाजार स्थापित किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों के विभिन्न प्रस्तावों को शीघ्र तैयार करने के लिए जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित कर अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए।

यह निर्देश है सबसे खास-दशकों से है इसकी आस, क्या होगा?
नवल सागर झील के संरक्षण को लेकर ओएसडी गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि झील में गिर रहे गंदे नालों को बंद करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाए। भविष्य में झील का पानी साफ रहे और किनारे पर गंदगी न हो, इसके लिए भी व्यापक कदम उठाए जाएं। इसके साथ ही, लाइट एंड साउंड शो के संचालन में आ रही रुकावटों को तुरंत दूर करने और रात के समय झील किनारे पर्याप्त रोशनी के लिए लाइटें लगाने के निर्देश भी दिए गए। शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए ओएसडी ने कहा कि विभागीय नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया को गति दी जाए। उन्होंने इंटरलॉकिंग, फूड कोर्ट, सिट आउट एरिया, छतरी निर्माण और नालों को ढकने सहित अन्य कार्यों की प्रगति जानी और कहा कि धरातल पर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू किए जाएं, ताकि शहरवासियों को सभी सुविधाएं सुचारू रूप से मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव, नगर परिषद के सभापति भरत शर्मा, नगर परिषद आयुक्त ब्रजेश राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
