एनसीआई@बूंदी
मंडी रोड पर नानकपुरिया तिराहे पर सोमवार दोपहर एक ऐसा हादसा हो गया जिसने हर बूंदीवासी की आंखों में आंसू ला दिए। दीपावली की खुशियों पर मातम की छाया पसर गई। दरअसल, यहां एक 12 साल के बच्चे ने सूतली बम को स्टील के गिलास से ढक, बाहर निकल रही बम की बत्ती में आग लगा दी। बम फटा और गिलास का टुकड़ा बच्चे के सीने में धंस गया। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी रमेश आर्य के अनुसार, मंडी रोड पर नानकपुरिया तिराहे पर घर के अंदर परिवार के लोग गोवर्धन पूजा की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी दौरान रामलाल कालबेलिया का मंझला बेटा साजन (12) घर के बाहर अकेले पटाखे जला रहा था। बालपन में उसने ही यह गलती कर डाली, जो जानलेवा बन गई।
धमाके की आवाज सुन पिता व पड़ोसी बाहर आए
बाहर धमाके की जोरदार आवाज सुन साजन के पिता रामलाल सहित पड़ोसी बाहर निकले। वहां साजन बुरी तरह लहूलुहान पड़ा मिला। इस पर उसे तुरंत बूंदी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रमेश आर्य और सदर थाने से एएसआई राम सिंह टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
भरत शर्मा ने की सहायता
इधर, नगर परिषद सभापति भरत शर्मा भी हॉस्पिटल पहुंचे। पीड़ित परिवार की बदहाल आर्थिक स्थिति के मद्देनजर बालक के अंतिम संस्कार के लिए सहायता उपलब्ध कराई। आगे भी हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
सामने आई जानकारी के अनुसार साजन तीन भाई-बहनों में दूसरे नम्बर का बच्चा था। वह काफी हंसमुख स्वभाव का था। उसकी बुआ के बेटे लोकेश जोगी ने रोते हुए बताया कि ‘सुबह ही उसने साजन को 10 रुपए दिए थे। वह बहुत खुश था। लोकेश को अब उसकी मौत पर यकीन करना ही मुश्किल हो रहा था।
