भोपाल के शाहजहांनाबाद में 75 वर्षीय महिला की हत्या का राज खुल गया है। पुलिस ने आरोपी पड़ोसन की पहचान उसकी चप्पल से की।
एनसीआई@भोपाल
भोपाल के शाहजहांनाबाद इलाके की वाजपेयी नगर मल्टी में 75 वर्षीय महिला कलरी देवी की मौत का कारण सामने आ गया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पड़ोसन 45 वर्षीय रेखा उर्फ रीता को गिरफ्तार कर लिया। 8 घंटे की पूछताछ के बाद इसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रेखा 500 रुपए उधार मांगने बुजुर्ग महिला के घर गई थी, मगर उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया। इस पर गुस्साई रेखा ने बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी और सोने के जेवर, यहां तक कि मुंह से सोने के दांत भी निकालकर फरार हो गई।
इस तरह उगला सच
पुलिस ने पूछताछ के दौरान 45 वर्षीय आरोपी रेखा से एक के बाद एक कई सवाल किए, लेकिन उसने अपना जुर्म कबूल नहीं किया। इस मामले में जब एसीपी अनिल बाजपेयी ने पूछताछ शुरू की, तब आरोपी रेखा ने हत्याकांड का पूरा सच सामने रख दिया।
जानकारी के मुताबिक, ‘आरोपी रेखा ने जब एसीपी अनिल बाजपेयी को देखा, तब उनसे कहा, मुझे आपके चेहरे में साईं बाबा दिख रहे हैं, मैं आपको कलरी देवी की हत्या का सच बताती हूं।’
चप्पल की वजह से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के जनसंवाद कार्यक्रम में सुरक्षा की मांग पर शाहजहांनाबाद पुलिस ने वाजपेयी नगर मल्टी में सीसीटीवी लगवाए थे। हत्या के बाद रेखा ने दरवाजे से पैर बाहर निकाला, लेकिन किसी की आहट पर वापस खींच लिया। राहगीर के जाते ही वह मुंह ढककर बाहर निकली। कैमरों में कैद चाल और चप्पल से पुलिस उस तक पहुंची।
डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता के मुताबिक, शाहजहांनाबाद पुलिस ने रेखा को मर्डर और लूट के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके पास से जेवर, नकदी, और चप्पल बरामद हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह निशातपुरा में एक नाबालिग के अपहरण-दुष्कर्म मामले में पहले भी ढाई साल जेल काट चुकी है। इसके खिलाफ लूट का केस भी दर्ज है।
मार-मारकर निकाला सोने का दांत
75 साल की बूढ़ी महिला कलरी देवी को पहले बेरहमी से पीटा गया। इसके बाद उनकी नाक से सोने की लौंग, कान के झुमके और पायल लूट ली। रेखा ने तब क्रूरता की हद पार कर क् जब उसने कलरी देवी का सोने का दांत देखा।
रेखा ने सोने के दांत के लिए कलरी देवी के मुंह पर कई वार किए और सारे दांत तोड़ दिए, जिसमें सोने का दांत भी टूटकर बाहर आ गया। इस बीच कलरी देवी के विरोध करने पर गला दबाकर हत्या कर दी।
