एनसीआई@लखनऊ/सेन्ट्रल डेस्क
उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने 403 विधानसभा सीटों में से 209 प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं। ये सभी नाम मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी की सहमति से तय किए जाने की जानकारी है। इन्हें लखनऊ से दिल्ली भेजा गया है। वहीं से इन पर अंतिम निर्णय होना है। बीजेपी की यह सक्रियता दर्शा रही है कि उसने राज्य में जीत की हेट्रिक लगाने के लिए कमर कस ली है।
दरअसल, बीजेपी ने 209 उम्मीदवारों की सूची तैयार की है। ये नाम A कैटेगरी के तहत तय किए गए हैं। दिल्ली से इन पर मोहर लगने का इंतजार है। जैसे ही इन नामों पर फाइनल मुहर लगेगी तो इन्हें टिकट के लिए हरी झंडी दे दी जाएगी, जिससे उम्मीदवारों को अपने इलाके में पर्याप्त समय मिल सके। इस मामले में बड़ी बात यह है कि ये सभी नाम मुख्यमंत्री योगी की सहमति के बाद ही तय किए गए हैं।
अखिलेश पर SIR को लेकर साधा निशाना
दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश में SIR को लेकर भी जंग जारी है। मुख्यमंत्री योगी ने एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि अखिलेश यादव अब SIR वापस लेने की मांग नहीं करेंगे, क्योंकि SIR में मुस्लिम वोटर्स की संख्या 1.63 परसेंट बढ़ी है। अखिलेश यादव को इसमें फायदा दिख रहा है। जबकि 1 करोड़ 27 लाख हिन्दू वोटर्स के नाम कट गए हैं। चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की गई है, लेकिन अखिलेश यादव SIR के खिलाफ शिकायत नहीं करेंगे। क्योंकि उनका वोट बैंक बढ़ता दिख रहा है।
सीएम योगी ने 2027 के चुनाव को 80-20 की लड़ाई बताते हुए कहा कि 80 फीसदी मतदाता सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के मुद्दे पर बीजेपी और एनडीए के साथ खड़े हैं, जबकि सिर्फ 20 फीसदी वोटर विपक्ष के साथ जाएंगे। योगी ने बटेंगे तो कटेंगे नारे को भी जस्टिफाई किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये ध्रुवीकरण का नारा नहीं है, बल्कि इतिहास से सबक लेने का प्रयास है कि अगर हम जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर बटेंगे तो हमें सिर्फ और सिर्फ नुकसान उठाना पड़ेगा। एक रहेंगे तो नेक रहेंगे, सुरक्षित रहेंगे।
Courtsey:India Tv
