शमी ने जून 2023 में द ओवल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चेम्पियनशिप फाइनल खेला था
एनसीआई@स्पोर्ट्स डेस्क
भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। खास बात यह है कि 13 साल पहले इसी तारीख को उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने 64 मैच में 229 विकेट लिए। हालांकि, वे वनडे और टी-20 क्रिकेट खेलते रहेंगे।
36 साल के शमी ने लिखा, आज भारी मन और अनगिनत खूबसूरत यादों के साथ टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर रहा हूं। पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तब सिर्फ एक सपना था- देश के लिए कुछ कर दिखाना। हर विकेट, संघर्ष, चोट और वापसी ने मुझे कुछ न कुछ सिखाया।

बोले- सफेद जर्सी छोड़ रहा हूं, क्रिकेट नहीं
शमी ने साफ किया कि वे IPL और घरेलू क्रिकेट सहित व्हाइट बॉल फॉर्मेट खेलते रहेंगे। जरूरत पड़ने पर फिटनेस बनाए रखने के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट के चार दिवसीय मैच भी खेल सकते हैं, लेकिन भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलेंगे।
शमी ने कहा, मैं सफेद जर्सी को अलविदा कह रहा हूं, लेकिन उससे जुड़ी यादों को कभी नहीं। टेस्ट क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ एक फॉर्मेट नहीं, मेरी जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहा है। मैदान पर मेरी आखिरी टेस्ट गेंद भले ही फेंकी जा चुकी है, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व हमेशा मेरे दिल में रहेगा।
डेब्यू मैच में ही 9 विकेट लेकर छा गए थे
शमी ने 6 नवम्बर 2013 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टेस्ट खेला था। डेब्यू मैच में ही उन्होंने कुल 9 विकेट लिए। वे 6 बार एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने में सफल रहे। एक पारी में उनका बेस्ट प्रदर्शन 56 रन देकर 6 विकेट रहा। उनके 6 पांच विकेट वाले प्रदर्शनों में से 4 ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका में आए। कुल टेस्ट विकेटों के मामले में वे भारत के गेंदबाजों में 12वें और तेज गेंदबाजों में छठे स्थान पर रहे।
वर्ल्ड कप के बाद चोटों से जूझे, टीम में वापसी नहीं हुई
2023 वनडे वर्ल्ड कप में शमी भारत के सबसे सफल गेंदबाजों में रहे थे। इसके बाद टखने की चोट के कारण उन्हें सर्जरी करानी पड़ी। घुटने की परेशानी ने भी वापसी में समय लिया। जनवरी 2025 में उन्होंने टी-20 क्रिकेट से अंतरराष्ट्रीय वापसी की और फिर चेम्पियंस ट्रॉफी की टीम में चुने गए। न्यूजीलेंड के खिलाफ फाइनल उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच रहा।
इसके बाद वे भारतीय टीम के लिए किसी भी फॉर्मेट में नहीं खेले, लेकिन घरेलू क्रिकेट में बंगाल की ओर से लगातार खेलते रहे। हाल ही में रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मैच में दिल्ली के खिलाफ उन्होंने 5 विकेट भी लिए। इसके बावजूद न्यूजीलेंड दौरे से पहले होने वाले चार दिवसीय मैचों के लिए भारत-A टीम में उन्हें जगह नहीं मिली। सीनियर टीम की टेस्ट योजनाओं में भी उनका नाम नहीं था।
दिलचस्प बात यह है कि संन्यास से करीब दो सप्ताह पहले बंगाल के लिए खेलते हुए शमी ने अपनी फिटनेस पर सवालों को खारिज किया था। उन्होंने कहा था, मैं अभी अपने चरम पर हूं। इसमें घुमा-फिराकर कहने की जरूरत नहीं है।
