चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था, बुजुर्गों व दिव्यांगों के मददगार बने वॉलंटियर
एनसीआई@बूंदी
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत गुरुवार को जिले में तृतीय चरण का मतदान पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गया। तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच चुनने के लिए सुबह से ही मतदान केंद्रों पर उत्सव जैसा माहौल नजर आया। ‘गांव की सरकार’ चुनने के लिए मतदाताओं ने कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया और पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।

मतदान के समयवार आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे तक 15.54 प्रतिशत, दोपहर 12 बजे तक 32.78 प्रतिशत, दोपहर एक बजे तक 34.53 प्रतिशत तथा अपराह्न 3 बजे तक 55.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) हरफूल सिंह यादव ने बताया कि तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में 85.79 प्रतिशत मतदान हुआ। तालेड़ा पंचायत समिति के कुल 1,19,902 मतदाताओं में से 1,02,859 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उल्लेखनीय है कि कंवरपुरा ग्राम पंचायत में सरपंच का निर्वाचन पहले ही निर्विरोध सम्पन्न हो चुका है।

पहली बार वोट डाल रहे युवाओं और महिला मतदाताओं में गजब का उत्साह देखा गया। गांव के विकास की रूपरेखा तय करने के लिए महिलाओं ने घर के कामकाज से पहले मतदान को प्राथमिकता दी। मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही महिला-पुरुषों की लम्बी-लम्बी कतारें लग गईं।
बुजुर्गों का जज्बा: 86 वर्षीय मगनी बाई ने किया मतदान
मतदान के प्रति बुजुर्गों का जोश युवाओं को भी प्रेरणा दे रहा था। कई वयोवृद्ध मतदाता अपने परिजनों के सहारे बूथों तक पहुंचे। इसी कड़ी में तालेड़ा की अकतासा ग्राम पंचायत के बूथ संख्या तीन पर एक बेहद प्रेरक दृश्य देखने को मिला। यहां 86 वर्षीय बुजुर्ग महिला मतदाता मगनी बाई व्हीलचेयर पर मतदान केन्द्र पहुंचीं। उन्होंने पूरे उत्साह के साथ वोट डालकर एक जागरूक नागरिक होने का फर्ज निभाया और युवा मतदाताओं के लिए एक नजीर पेश की।

सुरक्षा रही कड़ी, सुविधाओं ने दी राहत
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे, जिससे लोगों ने भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की सहूलियत के लिए केंद्रों पर व्हीलचेयर आदि की समुचित व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा, मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में कोई परेशानी न हो, इसके लिए तैनात वाॅलंटियर्स दिनभर मतदाताओं की सहायता करते नजर आए।
