गोरखपुर में बीजेपी की जनसभा को सम्बोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर बार-बार राहुल गांधी को लॉन्च करने की कोशिश का आरोप लगाया। साथ ही अखिलेश यादव के ‘बदला लेने’ वाले बयान पर भी पलटवार किया।
एनसीआई@नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा तंज कसा है। गोरखपुर में बीजेपी की जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने राहुल गांधी की तुलना दिवाली के ऐसे रॉकेट से की, जिसमें आग लगाने के बाद भी वह आसमान में नहीं जाता और वहीं बुझ जाता है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राहुल गांधी की हालत भी ऐसी ही है। वह ऐसा रॉकेट हैं, जिसका बारूद पहले ही खत्म हो चुका है और धुआं निकल चुका है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस बार-बार राहुल गांधी को राजनीतिक रूप से लॉन्च करने की कोशिश करती है, लेकिन वह सफल नहीं हो पाती है। उन्होंने कहा, “मैं आश्चर्य करता हूं कि कांग्रेस कितनी बार राहुल गांधी को लॉन्च करेगी। दिवाली में आप रॉकेट देखते होंगे। उसमें आग लगाते हैं और आसमान की तरफ देखते हैं, लेकिन रॉकेट ऊपर नहीं जाता और वहीं बुझ जाता है। वही रॉकेट राहुल गांधी हैं।”
राहुल गांधी के राजनीतिक सफर का किया जिक्र
सीएम योगी ने राहुल गांधी के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वह 2004 में लोकसभा सांसद बने, 2007 में कांग्रेस के महासचिव, 2013 में पार्टी के उपाध्यक्ष और 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष बनाए गए। इसके बावजूद उन्हें सफल नेता के रूप में स्थापित नहीं किया जा सका। उन्होंने 2019 में अमेठी लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी की हार का भी जिक्र किया।
सीएम योगी ने कहा कि इसके बाद कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा, न्याय यात्रा और अधिकार यात्रा के जरिए उन्हें राजनीतिक रूप से स्थापित करने की कोशिश की। उन्होंने राहुल गांधी की उम्र 56 साल बताते हुए कहा कि उन्हें अब भी युवा नेता के तौर पर पेश किया जा रहा है, लेकिन यह रॉकेट कभी उड़ान नहीं भरने वाला।
अखिलेश यादव के बयान पर भी किया पलटवार
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के ‘अगली पीढ़ी हर लाठी और हर जख्म का बदला लेगी’ वाले बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बदला नहीं होता, बल्कि जनता चुनाव के जरिए बदलाव करती है। उन्होंने 2014 में देश और 2017 में उत्तर प्रदेश में हुए राजनीतिक बदलाव का उदाहरण दिया।
सीएम योगी ने राहुल गांधी और विपक्ष पर चुनाव हारने के बाद ईवीएम और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को दोष देने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ईवीएम गलत है तो उसी से जीतकर राहुल गांधी संसद में शपथ क्यों लेते हैं? उन्होंने कांग्रेस को 1975 में लगाए गए आपातकाल के लिए देश से माफी मांगने की चुनौती भी दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसआईआर का समर्थन करते हुए कहा कि मतदाता सूची से बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों के साथ मृत लोगों के नाम हटाना जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर इस प्रक्रिया को लेकर हंगामा करने और अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया।
