एनसीआई@बूंदी
बूंदी महोत्सव आयोजन समिति के सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता पुरुषोत्तम पारीक ने राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर छोटी काशी के नाम से विख्यात ऐतिहासिक नगरी बूंदी में आयोजित किए जाने वाले बूंदी महोत्सव के पहले दिन शोभायात्रा के अवसर पर अवकाश घोषित करने की मांग की है।
पारीक ने इस पत्र में लिखा है कि बूंदी महोत्सव की शोभायात्रा यहां की जनता की आस्था और विश्वास का प्रतीक बन गई है। सभी की इच्छा इस शोभायात्रा को देखने की रहती है। इस अवसर पर होने वाले अन्य आयोजनों में भी भागीदारी निभाना चाहते हैं। लेकिन इस दिन अवकाश नहीं होने से यहां की जनता इस आनंद से वंचित रह जाती है। इसकी कसक सभी के दिलों में रहती हैं।
पर्यटन के मद्देनजर भी जिले में सार्वजनिक अवकाश घोषित हो
पारीक ने आगे मुख्यमंत्री से कहा है कि महोत्सव समिति के सदस्य तथा बूंदी का नागरिक होने की वजह से मैं अनुरोध करता हूं कि 27 नवम्बर 2026, शनिवार को पर्यटन के मद्देनजर भी बूंदी जिले में सार्वजनिक अवकाश घोषित करवाने की कृपा करें। बूंदी जिले के पर्यटन प्रेमी व आम जनता आपकी आभारी रहेगी।
जिला कलक्टर से भी किया यह अनुरोध
पारीक ने जिला कलक्टर एवं अध्यक्ष बूंदी महोत्सव समिति हरफूल सिंह यादव से अनुरोध किया है कि बूंदी महोत्सव जो 27, 28 व 29 नवम्बर 2026 को होने जा रहा है, इसमें जनता जनार्दन के सुझाव मांगने की गरज से और उसके अनुसार आगामी योजनाएं सफल बनाने की दृष्टि से यथाशीघ्र प्रशासन एवं समिति के अनुरूप एक मीटिंग बुलाई जानी चाहिए। इससे आगामी महोत्सव भव्य एवं दिव्य बन सकेगा। मीडियाकर्मियों से भी मीटिंग में सुझाव लेने चाहिएं। आम जनता से भी मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से सुझाव आमंत्रित करने चाहिएं, क्योंकि महोत्सव में मात्र 3 माह शेष रह गए हैं। वहीं हमें इसका पूरे विश्व में प्रचार करना है। विभिन्न एजेंसियों से सम्पर्क करना है। महोत्सव को सफल बनाने के लिए आपस में विचार-विमर्श करना चाहिए।
