एनसीआई@श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के लारू में सोमवार को सेना और पुलिस के एनकाउंटर में आतंकी लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का घाटी में एकमात्र बचा कमांडर लतीफ भट मारा गया। आतंकी लतीफ भट इस साल कुलगाम और अनंतनाग में हुए सिलसिलेवार हमलों में शामिल था। इनमें अनंतनाग के लाल चौक में पुलिसकर्मियों की हत्या और कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या भी शामिल है।
सेना के एक अधिकारी के मुताबिक, आतंकियों की जानकारी मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की जॉइंट टीम ने इलाके में घेराबंदी की थी। तलाशी के दौरान संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचते ही छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।
उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार, 11 नवम्बर दोपहर को बाइक सवार हमलावरों ने CRPF के अखरान केम्प में नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर फायरिंग कर दी थी। नौपोरा अखरान में आतंकियों के इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे। इसके बाद से सुरक्षाबल हमलावरों की तलाश में बड़ा अभियान चला रहे हैं। आतंकी हमले का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इसमें हमलावर 15 सेकेंड के अंदर करीब 30 राउंड फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर, कॉन्स्टेबल संतानो और राकेश दास के तौर पर हुई थी। ये तीनों CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं। गम्भीर घायल इन जवानों को सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। एक जवान को श्रीनगर रेफर करना पड़ा था।
6 महीने में चौथा कमांडर मारा गया
इस प्रकार पिछले 6 महीने में जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के 4 कमांडर मारे गए हैं। इनमें लतीफ के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी शामिल हैं।
जाकिर अहमद गनई 8 जुलाई 2026 को शोपियां में मारा गया, जबकि यासिर 4 सितम्बर को ऑपरेशन असधर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी 30 सितम्बर को बड़गाम में ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान मारा गया।
3 साल में 548 आतंकी घटनाएं हुईं
जम्मू-कश्मीर में 2024 से अब तक 548 आतंकी घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं में 45 जवान शहीद हुए हैं और 138 आतंकी मारे गए हैं।
