एनसीआई@बूंदी
ऐतिहासिक धरोहरों और लोक संस्कृति की पहचान ‘बूंदी महोत्सव 2026’ में इस बार भारतीय परिधानों और परम्पराओं के विविध रंग देखने को मिलेंगे। 28 नवम्बर को नवल सागर पार्क में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या से पूर्व ‘भारतीय पारम्परिक वेशभूषा प्रतियोगिता एवं भव्य रेम्प वॉक’ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति की सौम्या शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ भारतीय परिधान, संस्कार और पारम्परिक विरासत को सहेजने का संदेश देना है।
प्रतियोगिता में 18 वर्ष से अधिक आयु के महिला और पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतिभागी पारम्परिक वेशभूषा में देश की विविध सांस्कृतिक परम्पराओं और क्षेत्रीय पहनावे का प्रदर्शन करेंगे।
20 नवम्बर तक जमा होंगे आवेदन, शीर्ष 20 का होगा चयन
इच्छुक प्रतिभागी कार्यालय समय में खेल संकुल परिसर, बूंदी स्थित कार्यालय से निःशुल्क आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र जमा कराने की अंतिम तिथि 20 नवम्बर को सायं 5 बजे तक निर्धारित की गई है। आवेदन के साथ स्वयं की पारम्परिक वेशभूषा में एक रेफरल फोटो (Referral Photo) जमा कराना अनिवार्य होगा। प्राप्त आवेदनों में से चयन समिति द्वारा प्रतियोगिता के लिए शीर्ष 20 प्रतियोगियों का चयन किया जाएगा।
निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनकी पारम्परिक वेशभूषा की मौलिकता, पारम्परिक आभूषणों के चयन, आत्मविश्वास और रेम्प वॉक की प्रस्तुति के आधार पर किया जाएगा। मुख्य अतिथि की उपस्थिति में महिला और पुरुष दोनों वर्गों से अलग-अलग शीर्ष दो विजेताओं का चयन किया जाएगा। प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए महिला वर्ग हेतु डॉ. सुलोचना (9079796774) एवं पेंचू सिंह (9414045777) तथा पुरुष वर्ग के लिए हर्षवर्धन सिंह चुण्डावत (9784350006) से सम्पर्क किया जा सकता है।
