एनसीआई@बूंदी
आगामी ‘बूंदी महोत्सव’ (27 से 29 नवम्बर) को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने और महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर एचडी सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें महोत्सव के दौरान शहर की स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण आयोजनों और आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम उच्च गुणवत्ता के साथ सम्पन्न हों। इसमें शामिल होने वाली झांकियों का स्तर भी उत्कृष्ट होना चाहिए। उन्होंने आमजन से इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और इसे सफल बनाने की अपील की।वहीं, नगर परिषद सभापति भरत शर्मा ने आश्वस्त किया कि इस बार बूंदी महोत्सव को पहले से बेहतर स्वरूप प्रदान करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। महोत्सव में आने वाले पर्यटकों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और सौंपी गई हर जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने जनभागीदारी पर बल देते हुए कहा कि महोत्सव से हर शहरवासी का भावनात्मक जुड़ाव होना चाहिए। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी शहरवासी आज ही बूंदी को स्वच्छ रखने का संकल्प लें।

पूरे शहर में होगी रोशनी
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने महोत्सव के आयोजनों की जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिवसीय इस आयोजन के दौरान पूरे शहर में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। शोभायात्रा के दौरान स्वागत स्थलों को आकर्षक और एकरूपता के साथ सजाया जाएगा। इसके अलावा, इस बार महोत्सव में स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष ‘परम्परागत वेशभूषा प्रतियोगिता’ का भी आयोजन करवाया जाएगा, जो स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण होगा।
बैठक में ये भी रहे मौजूद
बैठक में उपखंड अधिकारी बूंदी लक्ष्मीकांत मीणा, नगर परिषद आयुक्त ब्रजेश राय, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक शरद व्यास, पर्यटन अधिकारी प्रेम शंकर सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा व्यावसायिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
