पल्स पोलियो अभियान में शत-प्रतिशत बच्चों को खुराक पिलाने के दिए निर्देश, पीएम राहत योजना और टोबेको फ्री यूथ केम्पेन की भी की समीक्षा
एनसीआई@बूंदी
जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देशन में जिले की चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और व्यवस्थाओं में सुधार के उद्देश्य से सीएमएचओ डॉ. ओपी सामर द्वारा नियमित निरीक्षण की शृंखला जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को सीएमएचओ डॉ. सामर ने मैराथन निरीक्षण करते हुए सबसे पहले उप जिला चिकित्सालय नैनवां के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। इसके बाद सीएचसी जजावर पहुंचकर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा हिंडोली में आयोजित ब्लॉक स्तरीय बैठक में विभागीय कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की।

निरीक्षण की शुरुआत उप जिला चिकित्सालय नैनवां के नवनिर्माणाधीन भवन से हुई। यहां सीएमएचओ डॉ. सामर ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए विभिन्न कार्यों की बारीकी से जांच की। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की गति और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य करवाने के बारे में सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए, ताकि आमजन को भविष्य में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। इस दौरान बीसीएमओ डॉ. एलपी नागर, सीएचसी प्रभारी सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
सीएचसी जजावर में विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया

इसके बाद सीएमएचओ डॉ. सामर ने सीएचसी जजावर का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, दवाइयों की उपलब्धता, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी ली। डॉ. सामर ने बैठक लेकर सीएचसी प्रभारी सहित अन्य स्टाफ को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने तथा निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय योजनाओं की बिंदुवार प्रगति की समीक्षा कर विशेष निर्देश दिए।
हिंडोली ब्लॉक बैठक में दिए खास निर्देश
निरीक्षण के अगले चरण में सीएमएचओ डॉ. सामर हिंडोली में आयोजित ब्लॉक स्तरीय बैठक में पहुंचे। यहां उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों, सीएचओ, एएनएम, आशा सहयोगिनियों सहित उपस्थित कार्मिकों के साथ विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में आगामी 22 नवम्बर को आयोजित होने वाले उपराष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जिले के प्रत्येक पांच वर्ष तक के बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित किया जाए। कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी कार्मिक आपसी समन्वय से कार्य करें।

सीएमएचओ डॉ. सामर ने पीएम राहत योजना और टोबेको फ्री यूथ केम्पेन 4.0 की भी समीक्षा करते हुए दोनों अभियानों को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तम्बाकू के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को जागरूक करने और उन्हें तम्बाकू सेवन से दूर रखने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं। साथ ही पीएम राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भी सभी सम्बंधित कार्मिक सक्रियता से कार्य करें।
कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

सीएमएचओ डॉ. सामर ने बैठक में कहा कि विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में पाई जाने वाली शिथिलता एवं लापरवाही के आधार पर जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने सभी चिकित्सा अधिकारियों एवं मैदानी कार्मिकों को अपने दायित्वों का गम्भीरता से निर्वहन करने के लिए पाबंद किया।
सीएमएचओ डॉ. सामर ने कहा कि जिला कलेक्टर के निर्देशन में चिकित्सा संस्थानों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए औचक निरीक्षण की प्रक्रिया नियमित रूप से जारी रहेगी। निरीक्षण का उद्देश्य कमियों को चिन्हित कर उनमें सुधार करवाना और आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
