टोबेको फ्री यूथ केम्पेन 4.0 के तहत 26 दिसम्बर तक होंगे जागरुकता एवं प्रवर्तन के विशेष प्रयास, शिक्षण संस्थानों और ग्राम पंचायतों को बनाया जाएगा तम्बाकू मुक्त
एनसीआई@बूंदी
युवाओं को तम्बाकू के सेवन से होने वाले गम्भीर दुष्प्रभावों से बचाने तथा जिले में स्वस्थ एवं तम्बाकू मुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से टोबेको फ्री यूथ केम्पेन 4.0 संचालित किया जा रहा है। सीएमएचओ डॉ. ओपी सामर ने गुरुवार को स्वास्थ्य भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं इसकी कार्ययोजना की जानकारी दी।
सीएमएचओ डॉ. सामर ने बताया कि यह 60 दिवसीय विशेष अभियान 28 अक्टूबर से शुरू होकर 26 दिसम्बर तक संचालित किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तम्बाकू सेवन की लत से बचाना, तम्बाकू उत्पादों की उपलब्धता एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण करना तथा शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों को तम्बाकू मुक्त बनाना है। इसके लिए जिले में जागरुकता गतिविधियों के साथ-साथ नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए विशेष कार्रवाई की जाएगी।
छह प्रमुख रणनीतियों के साथ चलेगा अभियान
डॉ. सामर ने बताया कि अभियान के तहत छह प्रमुख रणनीतियों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इनमें व्यापक आईईसी गतिविधियों के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर, बैनर एवं जागरुकता संदेशों का प्रदर्शन कर आमजन को तम्बाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना शामिल है। इसके साथ ही तम्बाकू मुक्त शिक्षण संस्थान (ToFEI) की अवधारणा को प्रभावी रूप से लागू कर विद्यालयों में बच्चों एवं युवाओं को तम्बाकू से दूर रखने के प्रयास किए जाएंगे।
डॉ. सामर ने बताया कि ग्राम पंचायतों एवं गांवों को तम्बाकू मुक्त बनाने के लिए ग्रामीण स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी। वहीं महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों को भी अभियान से जोड़कर युवाओं के बीच जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
नियमों की अवहेलना पर होगी चालान एवं जब्ती की कार्रवाई
सीएमएचओ ने बताया कि अभियान के दौरान सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) 2003 के तहत सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध सम्बंधी धारा 4 तथा शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तम्बाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध सम्बंधी धारा 6 के प्रावधानों की पालना सुनिश्चित कराई जाएगी। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालान एवं जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
इसी प्रकार इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट के उत्पादन, निर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, बिक्री, वितरण, भंडारण एवं विज्ञापन पर प्रतिबंध सम्बंधी प्रोहिबिशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट एक्ट (PECA) 2019 के प्रावधानों के तहत भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मीडिया एवं आमजन से सहयोग की अपील
डॉ. सामर ने कहा कि तम्बाकू मुक्त समाज का निर्माण केवल विभागीय प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आमजन, अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों, दुकानदारों एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अभियान के संदेश को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने तथा आमजन से तम्बाकू उत्पादों के सेवन एवं बिक्री को हतोत्साहित करने में सहयोग करने की अपील की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रदीप शर्मा, आरसीएचओ डॉ. कमलेश शर्मा, पीएमओ डॉ. गोविंद गुप्ता एवं डीपीओ एनटीसीपी डॉ. खुशबू सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कार्मिक भी मौजूद रहे।
