एनसीआई@कोटा
अवैध खनन की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने राष्ट्रीय चम्बल घड़ियाल सेंचुरी में अवैध खनन की रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की। उन्होंने बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए अभी तक की गई कार्रवाई के बारे में भी जानकारी ली।
जिला कलेक्टर ने अवैध बजरी खनन रोकने के लिए एसडीएम लाडपुरा एवं एसडीएम दीगोद द्वारा उनके क्षेत्र में की गई जॉइंट पेट्रोलिंग तथा अवैध खनन एवं परिवहन रोकने के लिए खान विभाग, वन विभाग, परिवहन विभाग एवं पुलिस के समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम लाडपुरा ने बताया कि 12 अक्टूबर को वन, खान, पुलिस एवं परिवहन अधिकारियों के साथ बैठक के बाद गांव रंगपुर, घघटाना, मानसगांव, नोटाना आदि क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।उपखंड अधिकारी दीगोद ने जानकारी दी कि 12 अक्टूबर को निमोदा, छीपरदा एवं श्योपुर आदि क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।
एएसपी ने कार्रवाइयों की यह दी जानकारी
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण ने बताया कि अवैध बजरी खनन के 11 प्रकरण दर्ज कर 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया एवं 9 वाहन जब्त किए गए। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभाग द्वारा पिछले माह 6 प्रकरणों में कार्रवाई कर 1 लाख 25 हजार की जुर्माना राशि वसूली गई। विभाग द्वारा संवेदनशील पॉइन्ट्स चिह्नित कर वहां उपकरण एवं होमगार्ड लगाए जा रहे हैं, ताकि अवैध खनन पर अंकुश लगाया जा सके। निगरानी के लिए वॉच टावर भी स्थापित किए गए हैं।
राजस्व अधिकारियों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित

राजस्व अधिकारियों की बैठक में जिला कलेक्टर ने राजस्व से सम्बंधित लम्बित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों के पेंशन वेरिफिकेशन की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही, पालनहार योजना के तहत स्कूली बच्चों के अध्ययन प्रमाण पत्र अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी स्कूलों के लम्बित पट्टे जारी करने के लिए की गई कार्रवाई की भी जानकारी ली।
जिला कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री का गैप कम करने तथा लम्बित न्यूटेशन की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जनसुनवाई मॉनिटरिंग सिस्टम की समीक्षा करते हुए उन्होंने जनसुनवाई से सम्बंधित प्रकरणों का निस्तारण समय पर करने के भी निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन राजेश जोशी, एडीएम सीलिंग रवि वर्मा, एडीएम सिटी विनोद कुमार मल्होत्रा, सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार एवं राजस्व से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
