एनसीआई@बूंदी
बारिश के मौसम में आमजन को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और चिकित्सा व्यवस्थाओं को मजबूत रखने के लिए सीएमएचओ डॉ. ओपी सामर ने मंगलवार को जिला औषधि भंडार एवं बूंदी ब्लॉक कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों स्थानों पर व्यवस्थाओं की गहन जांच करते हुए सम्बंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला औषधि भंडार के निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने दवाइयों के रखरखाव, उपलब्ध स्टॉक, पाइप लाइन में दवाइयों की उपलब्धता, कोल्ड चेन मेंटेनेंस, तापमान एवं साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। बारिश के मौसम को देखते हुए उन्होंने दवाइयों को सीलन और नमी से सुरक्षित रखने के विशेष निर्देश दिए।

हर संस्थान में एंटीवेनम की उपलब्धता जरूरी
सीएमएचओ डॉ. सामर ने कहा कि बारिश के दौरान सर्पदंश के मामले सामने आने की संभावना रहती है। साथ ही मौसमी बीमारियों के मामले भी बढ़ते हैं। ऐसे में जिले के प्रत्येक चिकित्सा संस्थान में एंटीवेनम सहित मौसमी बीमारियों से संबंधित आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने दवाइयों के तापमान की नियमित निगरानी, कोल्ड चेन के उचित रखरखाव तथा बारिश के कारण होने वाली सीलन से दवाइयों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक दवाइयों का स्टॉक समय रहते सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
बूंदी ब्लॉक कार्यालय में उपस्थिति और विभागीय कार्यक्रमों की समीक्षा
जिला औषधि भंडार के बाद सीएमएचओ डॉ.सामर ने बूंदी ब्लॉक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन कर स्टाफ की उपस्थिति जांची तथा कार्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने विभागीय कार्यक्रमों की बिंदुवार प्रगति एवं रिपोर्टिंग की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागीय कार्यक्रमों की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए रिपोर्टिंग समय पर सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक कार्मिक अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करे और कार्यालय में साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं बेहतर रखी जाएं। इस दौरान बूंदी ब्लॉक कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
सीएमएचओ डॉ. सामर ने कहा कि जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देशन में स्वास्थ्य संस्थानों एवं कार्यालयों के नियमित औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं को परखने के साथ कमियों को दूर करवाया जाएगा, ताकि जिले में आमजन को बेहतर और निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
