एनसीआई@बूंदी
जिले में 9 व 11 सितम्बर को हुए नगरीय निकायों के निर्वाचन की मतगणना सोमवार 14 सितम्बर, सोमवार को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। जिले के सम्बंधित नगरीय निकाय मुख्यालय पर बनाए गए मतगणना स्थलों पर यह गणना होगी। जिले के सभी नगरीय निकायों के लिए मतगणना में नियुक्त कार्मिकों व रिटर्निग अधिकारियों का प्रशिक्षण शनिवार को नगर परिषद के टाउन हॉल में हुआ।

प्रशिक्षण में दक्ष प्रशिक्षकों ने मतगणना कर्मियों को ईवीएम मशीन से मतगणना की पूरी जानकारी दी गई। प्रायोगिक तौर पर मतगणना का डेमो भी दिया गया। इस दौरान डीएमएम सीलिंग टीम को भी मतगणना के बाद फिर से मशीनों को सील करने की प्रक्रिया का भी प्रशिक्षण दिया गया।
263 मतदान बूथों की 45 टेबलों पर होगी मतगणना
जिले में सम्पन्न नगरीय निकायों के आम चुनावों की गणना सोमवार को 45 टेबलों पर की जाएगी। बूंदी नगर परिषद के 94 बूथों के लिए दो कक्षों में 12 टेबलों पर गणना होगी। इसी प्रकार लाखेरी के 35, नैनवां के 25, केशवरायपाटन के 25, कापरेन के 25 व इंद्रगढ़ के 20 बूथों की मतगणना के लिए 5-5 टेबलों पर गणना की जाएगी। हिंडोली के 19 तथा देई नगरपालिका के 20 बूथों की मतगणना के लिए 4-4 टेबल पर गणना होगी।
