भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम ने एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम लगातार तीसरी बार चेम्पियन बनी है। फाइनल में भारत ने मेजबान चीन को 1-0 से मात दी। इस जीत के बाद हॉकी इंडिया ने सभी खिलाड़ियों व सपोर्ट स्टाफ के लिए इनामी राशि की भी घोषणा की।
एनसीआई@स्पोर्ट डेस्क
चीन में खेले गए एएचएफ जूनियर महिला एशिया कप में भारतीय हॉकी टीम ने कमाल किया और फाइनल में मेजबान चीन को 1-0 से हराते हुए लगातार तीसरी बार खिताब जीता। भारत ने इससे पहले सेमी फाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-1 से मात देते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। इस जीत के साथ भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम ने FIH जूनियर हॉकी विश्व कप के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
भारतीय महिला टीम के चेम्पियन बनने के बाद हॉकी इंडिया ने भी अपना खजाना खोला और भारतीय टीम के लिए पुरस्कार की घोषणा की। हॉकी इंडिया ने टीम की प्रत्येक खिलाड़ी के लिए 3 लाख रुपए और प्रत्येक सपोर्ट स्टाफ के सदस्य के लिए 1.5 लाख रुपए इनाम राशि की घोषणा की।
इस मुकाबले की बात करें तो पहले क्वार्टर के बाद स्कोर 0-0 ही था। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में भारत को बढ़त दिलाई सनिका चंद्रकांत माने ने 17 वें मिनट में। उनका यह गोल इस मैच का निर्णायक गोल साबित हुआ और भारत ने 1-0 से मुकाबला जीता। मैच के अंत तक इसके बाद कोई भी टीम एक गोल नहीं कर पाई। सेमी फाइनल में ड्रेग फ्लिकर सुप्रिया की हेट्रिक से भारत ने दक्षिण कोरिया को 5-1 से हराया था। अब यह भारत का लगातार तीसरा जूनिया एशिया कप टाइटल है।
पूरे टूर्नामेंट में ऐसा रहा भारत का प्रदर्शन
इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम के प्रदर्शन की बात करें तो सेमी फाइनल में दक्षिण कोरिया को टीम ने मात दी थी। वहीं उससे पहले भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त देते हुए सेमीफाइनल में एंट्री की थी। इससे पहले मेजबान चीन के खिलाफ टूर्नामेंट की पिछली भिड़ंत में भारतीय टीम ने गोलरहित ड्रॉ खेला था। जबकि जापान को 7-0, मलेशिया को 11-1 और दक्षिण कोरिया को 4-1 से पहले मैच में भी भारतीय टीम ने मात देते हुए विजयी शुरुआत की थी।
