एनसीआई@बूंदी
राजस्थान पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में तालेड़ा में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान थम गया है। शाम 6 बजे तक 71.22 प्रतिशत वोटिंग हुई है। अब 20 नवम्बर को मतगणना होगी। वहीं, 5 नवम्बर को सरपंच चुने जाएंगे।
इधर, तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में पंचायतीराज आम चुनाव, 2026 के तृतीय चरण के तहत मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन पर्यवेक्षक भावना शर्मा ने आज मंगलवार, 3 नवम्बर को विभिन्न मतदान केन्द्रों का सघन निरीक्षण किया।

निर्वाचन पर्यवेक्षक ने बल्लोप, नोताड़ा भोपत, कैथूदा, अकतासा, तालेड़ा, सीतापुरा, बरुंधन, ठीकरिया चारणान, लीलेड़ा व्यासान, भरता बावड़ी, लक्ष्मीपुरा, डोरा, बीजाड़ी, सूतड़ा, डाबी और बुधपुरा स्थित मतदान केन्द्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान की पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल का जायजा लिया। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया विभिन्न मतदान केन्द्रों का जायजा
इस क्रम में पंचायती राज चुनाव-2026 के तहत शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुगम मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) हरफूल सिंह यादव ने तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में बनाए गए मतदान केन्द्रों का सघन निरीक्षण कर चुनाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अकतासा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (बूथ क्रमांक 4) का अवलोकन किया और मतदान के आंकड़ों की जानकारी ली और लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साह से हिस्सा लेने वाले मतदाताओं को बधाई दी। पहली बार वोट डालने पहुंचे युवा मतदाताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी से उनके अनुभव साझा किए। साथ ही पीठासीन अधिकारियों से मतदान प्रतिशत और ईवीएम की कार्यप्रणाली को लेकर संवाद किया।

यह दिया खास निर्देश
इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने तालेड़ा में बनाए गए ‘हरित बूथ’ (बूथ क्रमांक 56) पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए उपलब्ध व्हीलचेयर का पूरा उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर कतारों को व्यवस्थित रखने, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और मतदान कक्ष के आसपास शांति बनाए रखने की भी हिदायत दी। उन्होंने नौताड़ा भोपत (बूथ क्रमांक 80) का निरीक्षण कर मतदान दलों के लिए भोजन, पेयजल, रोशनी और शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने बल्लोप और जाखमुंड के मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर अब तक हुए मतदान का फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान एएसपी संजय सिंह चम्पावत, नायब तहसीलदार भूपेन्द्र सिंह व तालेड़ा थानाधिकारी मुकेश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
