नैनवां पंचायत समिति प्रधान के चुनाव के दौरान शुक्रवार सुबह उस समय माहौल गरमा गया, जब कांग्रेस प्रत्याशी राजाराम मीणा का नामांकन दाखिल कराने जा रहे विधायक अशोक चांदना की गाड़ी को पुलिस ने बेरिकेड पर रोक दिया।
एनसीआई@बूंदी
नैनवां पंचायत समिति प्रधान के चुनाव के दौरान शुक्रवार सुबह उस समय माहौल बुरी तरह गरमा गया, जब कांग्रेस प्रत्याशी राजाराम मीणा का नामांकन दाखिल कराने जा रहे विधायक अशोक चांदना की गाड़ी को पुलिस ने बेरिकेड पर रोक दिया। इस पर चांदना बुरी तरह बिफर गए। ड्यूटी पर तैनात करवर सीआई सहदेव सिंह मीणा से तीखी बहस करने लगे। इससे माहौल बुरी तरह गर्मा गया। इस बीच विधायक चांदना और उनके कार्यकर्ता ने बेरिकेड को हटाए गाड़ी पंचायत समिति कार्यालय की ओर ले गए। इस मामले में करवर सीआई सहदेव सिंह मीणा ने विधायक अशोक चांदना सहित उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ अभद्रता और राजकार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए नैनवां थाने में रिपोर्ट दी है।
यह घटनाक्रम सुबह करीब दस बजे का है। हिंडोली विधायक अशोक चांदना अपनी गाड़ी में कांग्रेस के प्रधान प्रत्याशी राजाराम मीणा को नामांकन दाखिल कराने पंचायत समिति कार्यालय ले जा रहे थे। पुलिस ने पंचायत समिति कार्यालय के बाहर बूंदी रोड पर बेरिकेड्स लगा कर वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित कर रखा था। इस दौरान चांदना की गाड़ी बेरिकेड पर पहुंची तो पुलिसकर्मियों ने उसे रोक दिया। इस पर विधायक चांदना गर्मा गए और करवर थानाधिकारी सहदेवसिंह मीणा के बीच बहस करने लगे। चांदना ने थानाधिकारी से कहा रोकने का आदेश बताइये? तू कौन है? कानून से ऊपर है क्या? इस पर सहदेव मीणा ने कहा कि सीआई हूं मैं, आपसे डरने वाला नहीं हूं। नौकरी छोड़ दूंगा एक मिनट में, चल जाऊंगा। इसके बाद मौके पर मौजूद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह ने हस्तक्षेप कर विधायक को शांत कराया। विधायक व उनके समर्थकों ने बेरिकेड्स हटाकर गाड़ी आगे निकाल ली।
सीआई ने रिपोर्ट में लगाए अभद्रता के आरोप
करवर थानाधिकारी सहदेव सिंह मीणा ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि शुक्रवार को नैनवां पंचायत समिति प्रधान चुनाव के दौरान उनकी ड्यूटी बूंदी रोड पर बेरिकेड्स पर लगी हुई थी। पुलिस की ओर से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया हुआ था। इसी दौरान विधायक अशोक चांदना गाड़ी लेकर पहुंचे। गाड़ी रोकने पर विधायक ने उनके साथ अभद्रता की तथा विधायक और उनके समर्थक जबरन बेरिकेड्स हटाकर गाड़ी निकाल ले गए। इससे राजकार्य में बाधा पहुंची।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मामला
नैनवां थानाधिकारी हेमराज मीणा ने बताया कि करवर सीआई की रिपोर्ट पर विधायक अशोक चांदना, हंसराज गुर्जर, सद्दाम हुसैन, तुलसीराम, आशुतोष नागर, शाहिद खान, बलराम उर्फ बाबा सहित अन्य के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि चांदना पहले भी कुछ अधिकारियों से बुरी तरह अभद्रता कर चुके हैं।
इसके अलावा चांदना व इनके कार्यकर्ता इन दिनों पंचायत चुनावों में पार्टी को मिली शानदार सफलता से खासे जोश में भी हैं। इसमें उनके द्वारा प्रमुख उपलब्धि अपनी मनपसंद प्रत्याशी हंसा गुर्जर को जिला प्रमुख बना देना है।
