एनसीआई@बूंदी
जिले की डाबी थाना पुलिस ने अपहरण के एक पुराने मामले में वांछित चल रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई 3 बाइक भी जब्त की हैं। यह कार्रवाई एसपी अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर थानाधिकारी हेमराज शर्मा के नेतृत्व में हुई। इस मामले में पहले ही 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इस मामले में प्रकाश बंजारा, निवासी कलम का कुंआ, थाना रानपुर, जिला कोटा ने 22 मार्च को डाबी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया था कि दोपहर करीब 2 बजे उसका भाई शेखर डाबी स्थित निकुंज होटल पर चाय पीने रुका था। इसी दौरान 15-20 लोगों ने उससे मारपीट की और अगवा कर ले गए। प्रकाश बंजारा ने अपनी इस रिपोर्ट में विजय सिंह मेम्बर, छीतर, जगदीश, मदन और इनके 10-15 अन्य साथियों पर नामजद आरोप लगाए थे। सभी आरोपी डाबी निवासी बताए गए थे।
इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। तथ्य जुटकर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर दबिश दी। इसी क्रम में पुलिस ने मंगलवार को 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें बबलू बंजारा (31), पिकू बंजारा (31), कैलाश बंजारा (33), शंकर बंजारा (35), छीतर बंजारा (39) और ओमप्रकाश बंजारा (21) शामिल हैं।
